Ranchi : अंतरराष्ट्रीय नर्स दिवस के अवसर पर मंगलवार को सदर अस्पताल रांची में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया. इस वर्ष कार्यक्रम की थीम हमारी नर्सें, हमारा भविष्य, नर्सों की देखभाल से अर्थव्यवस्था मजबूत होगी रखी गई थी.
कार्यक्रम में अस्पताल में कार्यरत नर्सिंग अधिकारियों और स्वास्थ्यकर्मियों को उनके समर्पण, सेवा भावना और मरीजों के प्रति उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया गया. मरीजों की सेवा में बेहतर कार्य करने वाली नर्सों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया.

कार्यक्रम में मौजूद अस्पताल कर्मी
इस मौके पर सिविल सर्जन डॉ. प्रभात कुमार ने कहा कि नर्सें स्वास्थ्य व्यवस्था की रीढ़ होती हैं. मरीजों की देखभाल, उपचार और आपातकालीन सेवाओं में उनकी भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है. उन्होंने कहा कि नर्सें दिन-रात अपनी सेवाएं देकर मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने में अहम योगदान देती हैं.
उन्होंने कहा कि इस वर्ष की थीम नर्सों के स्वास्थ्य, सुरक्षा और बेहतर कार्य वातावरण की जरूरत पर जोर देती है. यदि नर्सिंग कर्मियों को सम्मान और बेहतर माहौल मिलेगा तो स्वास्थ्य सेवाएं और मजबूत होंगी.
कार्यक्रम के दौरान अस्पताल परिसर में स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने का संकल्प भी लिया गया. सभी नर्सिंग कर्मियों को उनके परिश्रम, अनुशासन और सेवा भावना के लिए धन्यवाद दिया गया.
कार्यक्रम में डॉ. तवा रिजीवि, डॉ. आर. के. जायसवाल, अस्पताल प्रबंधक शाहनवाज, जिला कार्यक्रम प्रबंधक प्रवीण सिंह, जिला लेखा प्रबंधक तारापद कोइरी, क्षेत्रीय समन्वयक श्वेता वर्मा समेत कई चिकित्सक, नर्सिंग स्टाफ और स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

