Search

 
 
 

Ranchi News :  दहशत में राजधानी के कारोबारी, 12 दिनों में 6 को मिली रंगदारी की धमकी

राजधानी रांची के कारोबारियों में इन दिनों दहशत का माहौल है. लगातार मिल रही रंगदारी की धमकियों ने कारोबारी जगत की बेचैनी बढ़ा दी है. पिछले 12 दिनों में 6 से अधिक व्यवसायियों से करोड़ों रुपये की रंगदारी मांगी गई है. वहीं जनवरी 2026 से अब तक 10 से अधिक बड़े कारोबारियों को रंगदारी के लिए धमकी मिल चुकी है.
 
झारखंड की अपराध की खबरें

Ranchi :  राजधानी रांची के कारोबारियों में इन दिनों दहशत का माहौल है. लगातार मिल रही रंगदारी की धमकियों ने कारोबारी जगत की बेचैनी बढ़ा दी है. पिछले 12 दिनों में 6 से अधिक व्यवसायियों से करोड़ों रुपये की रंगदारी मांगी गई है. वहीं जनवरी 2026 से अब तक 10 से अधिक बड़े कारोबारियों को रंगदारी के लिए धमकी मिल चुकी है. 

 

होटल व्यवसायी, दवा कारोबारी, ज्वेलर्स, रियल एस्टेट कारोबारी और अन्य बड़े व्यापारियों को व्हाट्सएप कॉल, सोशल मीडिया, इंटरनेट कॉलिंग और विदेशी मोबाइल नंबरों के जरिए करोड़ों रुपये की रंगदारी की मांग की जा रही है. कई मामलों में कारोबारियों की रेकी, तस्वीरें भेजकर खौफजदा करने और जान से मारने की धमकियां दिए जाने के आरोप भी लगे हैं.

 

टीटोस रेस्टोरेंट का मामला सबसे अधिक चर्चा में

सबसे चर्चित मामला एयरपोर्ट थाना क्षेत्र स्थित टीटोस रेस्टोरेंट का रहा है. अपराधियों ने रेस्टोरेंट संचालक से पहले एक करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी. शिकायत के अनुसार, रंगदारी नहीं देने के बाद रेस्टोरेंट में घुसकर फायरिंग की, जिसमें एक कर्मचारी की मौत हो गई. 

 

एक अन्य होटल व्यवसायी ने पुलिस में दर्ज शिकायत में आरोप लगाया कि रंगदारी नहीं देने पर अपराधी होटल तक पहुंच गए. वहां उनकी तस्वीर खींचकर व्हाट्सएप पर भेजी गई. साथ ही मैसेज भेजा कि जब तुम्हारी फोटो खींच सकता हूं, तो क्या तुम्हारी हत्या नहीं कर सकता?" 

 

रंगादारी को लेकर लगातार मिल रही धमकियों ने राजधानी के व्यापारिक समुदाय की चिंता बढ़ा दी है. कारोबारी संगठनों ने राज्य सरकार और पुलिस मुख्यालय से रंगदारी गिरोह के खिलाफ विशेष अभियान चलाने, दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी और व्यवसायियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है.

 

विदेशी नंबरों और सोशल मीडिया अकाउंट से मिल रहीं धमकियां

जांच एजेंसियों के अनुसार, हाल में सामने आए कई मामलों में व्यवसायियों को विदेशी मोबाइल नंबरों, इंटरनेट कॉलिंग, व्हाट्सएप कॉल और सोशल मीडिया अकाउंट के माध्यम से धमकियां मिली हैं. शिकायतों में बताया गया है कि धमकी देने वाले अलग-अलग अंतरराष्ट्रीय नंबरों का इस्तेमाल कर रहे हैं, जिससे उनकी पहचान करना चुनौतीपूर्ण हो गया है. पुलिस तकनीकी जांच के साथ अन्य एजेंसियों की भी मदद ले रही है.

 

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, धमकी देने वाले लगातार व्हाट्सएप मैसेज, कॉल और सोशल मीडिया के जरिए कारोबारियों पर रंगदारी देने का दबाव बना रहे हैं. कई मामलों में प्रतिष्ठानों की रेकी करने और तस्वीरें भेजकर डराने के आरोप भी लगाए गए हैं.

 

जांच एजेंसियां यह भी पता लगाने में जुटी हैं कि इंटरनेट आधारित कॉलिंग के जरिए विदेश से धमकियां भेजी जा रही हैं या नहीं. हालांकि, आरोपियों के किसी विशेष देश में होने की आधिकारिक पुष्टि अब तक नहीं हुई है.

 

प्रिंस खान के नाम पर धमकी, राहुल सिंह गैंग के वायरल ऑडियो ने भी बढ़ाई चिंता

एक ओर प्रिंस खान के नाम पर कारोबारियों को रंगदारी की धमकी मिलने की शिकायतें सामने आ रही हैं. वहीं दूसरी ओर राहुल सिंह गैंग के नाम से सोशल मीडिया पर एक कथित ऑडियो मैसेज भी वायरल हुआ है. इस कथित ऑडियो में व्यवसायियों से अपील की गई है कि यदि प्रिंस खान के नाम पर रंगदारी मांगी जाए तो पैसे न दें और किसी प्रकार का सहयोग न करें.

 

कथित ऑडियो में यह भी चेतावनी दी गई है कि जो लोग प्रिंस खान का सहयोग करेंगे या रंगदारी देंगे, वे राहुल सिंह गैंग के निशाने पर होंगे. हालांकि, इस वायरल ऑडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है. पुलिस इसकी सत्यता और इसे प्रसारित करने वालों की भूमिका की जांच कर रही है.

 

2026 में अब तक इतने कारोबारियों को मिली रंगदारी की धमकी

 - जनवरी 2026 : एयरपोर्ट थाना क्षेत्र स्थित टीटोस रेस्टोरेंट के संचालक से 1 करोड़ की रंगदारी मांगी गई. बाद में रेस्टोरेंट पर फायरिंग हुई, जिसमें एक कर्मचारी की मौत हो गई.

- मार्च 2026 : अल्बर्ट एक्का चौक स्थित जय हिंद फार्मा के संचालक को 1 करोड़ रंगदारी की धमकी मिली.

- 2 जून 2026 : होटल जल जोगा के संचालक मिहिर घोष से 50 लाख की रंगदारी मांगी गई.

- 5 जून 2026 : होटल कैपिटल हिल के संचालक संजय (टीनू) भाटिया को 1 करोड़ रंगदारी की धमकी दी गई.

- जून 2026 : पॉल ज्वेलर्स के संचालक से 5 करोड़ की रंगदारी मांगने का मामला सामने आया.

- जून 2026 : हटिया क्षेत्र के एक कारोबारी से 5 करोड़ की रंगदारी मांगने की शिकायत दर्ज की गई.

-  27 जून 2026 : कारोबारी उमा शंकर सिंह को दुबई के नंबर से कॉल करके 5 करोड़ की रंगदारी मांगे जाने का मामला सामने आया.

- 8 जुलाई 2026 : बरियातू के रियल एस्टेट कारोबारी बिजेंद्र सिंह से 1 करोड़ की रंगदारी मांगने का मामला दर्ज कराया गया.

 

 

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही