Ranchi News : अरगोड़ा थाना क्षेत्र के हरमू पार्क में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की प्रतिमा के चेहरे पर काला रंग पोतने और अमर्यादित शब्द लिखने के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक किशोर को पकड़ा है.
इसे भी पढ़ें...
जानकारी के अनुसार, हरमू पार्क में किशोर ने 27 सितंबर की देर शाम काले रंग से श्यामा प्रसाद मुखर्जी की प्रतिमा के चेहरे पर कालिख पोती थी. इस मामले में भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने अरगोड़ा थाने में शिकायत दर्ज कराई थी.
घटना की गंभीरता को देखते हुए SSP रांची के आदेश पर पुलिस अधीक्षक नगर और पुलिस उपाधीक्षक हटिया के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई. टीम में अरगोड़ा थाना पुलिस पदाधिकारी और तकनीकी शाखा के अधिकारी शामिल थे.
जांच के दौरान घटनास्थल से मिले तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस आरोपी तक पहुंची. मामले का उद्भेदन करते हुए पुलिस ने घटना में संलिप्त एक किशोर की पहचान की और उसे पकड़ लिया.
पुलिस के मुताबिक, किशोर के स्वीकारोक्ति बयान के आधार पर घटना में इस्तेमाल किया गया ब्लैक स्प्रे का डिब्बा बरामद किया गया. इसके अलावा पुलिस ने एक आईफोन मोबाइल भी जब्त किया है. पुलिस ने किशोर को 29 सितंबर को हिरासत में लेने के बाद न्यायालय में पेशी के लिए भेज दिया है.
इस कार्रवाई में अरगोड़ा थाना के थाना प्रभारी, पुलिस अवर निरीक्षक आनंद कुमार साह, सहायक अवर निरीक्षक दिलीप सिन्हा, सहायक अवर निरीक्षक श्रवण कुमार, रांची तकनीकी शाखा और अरगोड़ा थाना रिजर्व गार्ड की टीम शामिल रही.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

