Ranchi News: राजधानी में लगातार चेन छिनतई की घटनाओं को अंजाम देने वाले अपराधियों के खिलाफ रांची पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. ओरमांझी थाना क्षेत्र के चुट्टू गांव के पास रविवार दोपहर पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ हुई. पुलिस की जवाबी कार्रवाई में गिरोह के सदस्य बताए जा रहे रंगीला के पैर में गोली लगी. पुलिस ने उसे घायल अवस्था में गिरफ्तार कर इलाज के लिए अस्पताल भेजा है. वहीं, उसके दो साथियों को भी पुलिस ने पकड़ लिया.
पुलिस को सूचना मिली थी कि चेन छिनतई करने वाले गिरोह के कुछ सदस्य चुट्टू इलाके में किसी वारदात को अंजाम देने की तैयारी में हैं. सूचना के बाद पुलिस टीम ने इलाके में घेराबंदी की. इसी दौरान संदिग्ध अपराधियों की पुलिस से मुठभेड़ हो गई.
इसे भी पढ़ें:
पुलिस के मुताबिक, कार्रवाई के दौरान रंगीला को पकड़ लिया गया था. इसी बीच उसने एक पुलिसकर्मी की सर्विस पिस्टल छीन ली और वहां से भागने की कोशिश की. आरोप है कि भागते समय उसने पुलिस टीम पर दो से तीन राउंड फायरिंग कर दी. इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की. गोली उसके पैर में लगी और वह घायल होकर गिर पड़ा.
मुठभेड़ के दौरान दो अन्य अपराधी भी मौके से भागने लगे, जिन्हें पुलिस ने पीछा कर पकड़ लिया. घटना की जानकारी मिलने के बाद वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी मौके पर पहुंचे. पुलिस ने पूरे इलाके में तलाशी अभियान चलाया.
बताया जा रहा है कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है. पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि रांची के लालपुर, बरियातू, डोरंडा समेत अन्य इलाकों में हुई चेन छिनतई की घटनाओं में इनकी क्या भूमिका रही है. पुलिस लूटे गए आभूषणों और गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों के बारे में भी जानकारी जुटा रही है.
फिलहाल पुलिस की कार्रवाई जारी है और गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के बाद मामले में और खुलासे होने की उम्मीद है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

