- हरमू रोड पर समय से नहीं पहुंचती कचरा उठाने वाली गाड़ी
Ranchi News : शहर के वीआईपी मार्गों में शामिल हरमू रोड पर सफाई व्यवस्था नहीं हो रही है. सड़क किनारे पेवर ब्लॉक ईट तो लगा दिए गए, लेकिन कचरा रखने के लिए नगर निगम की ओर से कोई व्यवस्था नहीं है.
इसे भी पढ़ें...
सड़क किनारे रहने वाले लोगों के लिए स्थायी रूप से कचरा फेंकने और रखने वाले लोगों के लिए डस्टबिन की कोई व्यवस्था नहीं की गई है. नतीजतन स्थानीय लोग अपने पैसे से डस्टबिन खरीदने को मजबूर हैं. कचरा उठाने वाली गाड़ी भी समय पर नहीं पहुंचती.

सड़क पर गंदगी
वार्ड-21 के पार्षद मुहम्मद एहतेशाम ने इस स्थिति पर नाराजगी जताई है. उन्होंने कहा कि हरमू रोड-वाईपी मार्ग है. सफाई नहीं होती है. इस मामले को कई बार नगर निगम बोर्ड की बैठक में उठाया जा चुका है, लेकिन अब तक सुधार नहीं हुआ.
उन्होंने नगर निगम से कचरा उठाने वाली एजेंसी को हटाने की मांग की है. जब शहर के वीआईपी मार्ग की यह स्थिति है, तो गली-मोहल्लों की सफाई व्यवस्था का अंदाजा सहज ही लगाया जा सकता है.
डस्टबिन नहीं, अपने पैसे से कर रहे व्यवस्था
हरमू रोड निवासी शंकर शंभु ने बताया कि नगर निगम ने सड़क किनारे पेवर ब्लॉक लगा दिए, लेकिन कचरा रखने के लिए डस्टबिन नहीं दिया. मजबूरी में अपने पैसे से डस्टबिन खरीद रहे हैं. कचरा उठाने वाली गाड़ी आने-जाने का कोई समय नहीं है. शहर को स्मार्ट रांची कहा जाता है, लेकिन यहां शौचालय और पार्किंग सुविधाएं भी उपलब्ध नहीं हैं. लोग खुद सफाई करते हैं और गाड़ी आने पर कचरा उठाया जाता है.
चाय पिलाकर लोगों से करानी पड़ रही सफाई
स्थानीय निवासी रमेश कुमार ने बताया कि सफाई व्यवस्था दुरुस्त नहीं है. इसकी वजह से अपने पैसे खर्च करने पड़ रहे हैं. उन्होंने बताया कि 5-10 रुपये की चाय पिलाकर लोगों से सफाई कराते है. लोगों ने बताया कि नगर निगम की ओर से सुबह सफाईकर्मी भेजे जाते हैं, लेकिन व्यवस्था नियमित नहीं है.
सायरन नहीं बजाती कचरा गाड़ी, पानी भी पीने योग्य नहीं
स्थानीय निवासी बबलू जेयडिया ने बताया कि नगर निगम की ओर से डस्टबिन नहीं दिया गया है. लोग सड़क किनारे ही कचरा फेंकने को मजबूर हैं. कचरा उठाने वाली गाड़ी दो-तीन बार आती है, लेकिन सायरन नहीं बजाती है. गाड़ी सुबह 7 से 8 बजे के बीच पहुंचती है. सप्लाई का पानी आता तो है, लेकिन वह पीने योग्य नहीं रहता.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

