Ranchi News : उपायुक्त के निर्देशानुसार जिले के सभी प्राथमिक व मध्य विद्यालयों में Project-TEAM के अंतर्गत पूर्वयोगात्मक आकलन परीक्षा (PRE SA-1) का आयोजन मंगलवार से शुरू हो गया. परीक्षा का उद्देश्य विद्यार्थियों की शैक्षणिक उपलब्धि, विषयगत समझ और आगामी SA-1 परीक्षा की तैयारियों का व्यवस्थित आकलन करना है.
निर्धारित समय-सारणी के अनुसार प्रत्येक दिन एक विषय की परीक्षा सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक आयोजित की जा रही है. परीक्षा को कदाचारमुक्त, पारदर्शी और सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं. वहीं जिला, प्रखंड और CRC स्तर के पदाधिकारियों द्वारा परीक्षा प्रक्रिया की निगरानी की जा रही है.
परीक्षा के पहले दिन जिले में विद्यार्थियों की उपस्थिति 93 प्रतिशत रही. जिला प्रशासन के अनुसार यह विद्यार्थियों, शिक्षकों और विद्यालयों की सक्रिय सहभागिता को दर्शाता है.PRE SA-1 को केवल परीक्षा के रूप में नहीं, बल्कि SA-1 से पहले विद्यार्थियों को वास्तविक परीक्षा का अभ्यास कराने और उनके सीखने के स्तर को समझने के महत्वपूर्ण चरण के तौर पर देखा जा रहा है.
परीक्षा के बाद प्राप्त परिणामों के आधार पर विद्यार्थियों की सीखने संबंधी जरूरतों की पहचान की जाएगी. इसके बाद आवश्यक शैक्षणिक सहयोग और उपचारात्मक शिक्षण पर विशेष ध्यान दिया जाएगा.जिला प्रशासन का उद्देश्य है कि प्रत्येक विद्यार्थी को अपनी सीखने की कमियों को दूर करने, बेहतर तैयारी करने और अपनी क्षमता के अनुरूप प्रदर्शन करने का पर्याप्त अवसर मिल सके.

