- डेली मार्केट से बकरी बाजार तक होगा कायाकल्प
- आधुनिक दुकानें और बेहतर सुविधाओं की तैयारी
Ranchi News : पुराने बाजार अब पुराने ढर्रे पर नहीं चलेंगे. नगर निगम ने शहर के प्रमुख बाजारों को नए सिरे से विकसित करने की तैयारी शुरू कर दी है. जिसमें डेली मार्केट, न्यू मार्केट, अपर बाजार, खादगढ़ा और बकरी बाजार में अब पार्किंग से लेकर ट्रैफिक, दुकान और सफाई तक की व्यवस्था को बेहतर बनाने का प्लान तैयार किया जा रहा है. मंगलवार को बैठक में एनबीसीसी ने बाजारों का प्रस्तावित लेआउट और डिजाइन नगर निगम के सामने रखा.
रांची की खबरों के लिए यहां क्लिक करें
नगर आयुक्त सुशांत गौरव की अध्यक्षता में बैठक हुई. दुकानदारों के साथ पहले हुई बैठकों में आए सुझावों को भी शामिल किया गया. निगम का जोर इस बात पर है कि बाजार सिर्फ नई इमारतों के रूप में न बनें, बल्कि लोगों को वहां पहुंचने, खरीदारी करने और कारोबार करने में भी आसानी हो.
डेली मार्केट में पार्किंग के साथ नई व्यावसायिक इमारतें
मेन रोड के एसके सहाय डेली मार्केट की करीब 2.16 एकड़ जमीन पर आधुनिक बाजार और पार्किंग की व्यवस्था बनाने का प्रस्ताव है. यहां पार्किंग स्ट्रक्चर के साथ दो कमर्शियल-कम-होटल भवन बनाने की योजना रखी गई है.
न्यू मार्केट में आधुनिक दुकान और ऑफिस
रातू रोड के न्यू मार्केट की करीब 1.71 एकड़ जमीन पर आधुनिक दुकान और कार्यालय परिसर बनाने की तैयारी है. जगह के हिसाब से पूरे बाजार का लेआउट तैयार किया गया है, ताकि कारोबार के साथ लोगों की आवाजाही भी आसान हो.
खादगढ़ा में कमर्शियल-कम-होटल भवन
खादगढ़ा बस स्टैंड की करीब एक एकड़ जमीन पर कमर्शियल-कम-होटल भवन बनाने का प्रस्ताव है. इससे इलाके में व्यावसायिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है.
बकरी बाजार में बनेगा नया कॉम्प्लेक्स
बकरी बाजार की नगर निगम की जमीन पर आधुनिक कमर्शियल कॉम्प्लेक्स बनाने के लिए डिजाइन तैयार करने का निर्देश दिया गया है. इसमें अपर बाजार इलाके की नगर निगम की दुकानों के मौजूदा आवंटनधारियों को प्राथमिकता देने का प्रस्ताव भी रखा गया है.
छोटे दुकानदार भी नहीं होंगे नजरअंदाज
निगम ने बताया कि बाजार की योजना सिर्फ बड़े दुकानदारों को ध्यान में रखकर नहीं बनाई जा रही है. छोटे, मध्यम और बड़े सभी दुकानदारों की जरूरत के हिसाब से दुकानों का आकार और जगह तय करने पर काम हो रहा है.
सामान रखने की जगह, ग्राहकों के आने-जाने, दुकान चलाने और भविष्य में कारोबार बढ़ाने जैसी जरूरतों को भी डिजाइन में शामिल किया जा रहा है.
नगर आयुक्त बोले- जल्दबाजी में नहीं होगा अंतिम फैसला
नगर आयुक्त सुशांत गौरव ने कहा कि बाजारों के विकास में पार्किंग, ट्रैफिक, साफ-सफाई और लोगों की सुविधा सबसे अहम है. उन्होंने अधिकारियों को प्रस्तावित डिजाइन में जरूरी बदलाव करने के निर्देश दिए. उन्होंने साफ किया कि अभी प्रस्ताव पर काम चल रहा है. दुकानदारों और दूसरे संबंधित लोगों से सुझाव लेने के बाद ही अंतिम फैसला होगा. तकनीकी और आर्थिक पहलुओं की भी जांच की जाएगी.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.