Search

 
 
 

Ranchi News : निगम के सेवानिवृत्त कर्मियों का पेंशन कटौती के खिलाफ प्रदर्शन, एक सप्ताह में राशि लौटाने की मांग

रांची नगर निगम के सेवानिवृत्त कर्मचारी संघ ने सोमवार को निगम कार्यालय में प्रदर्शन कर पेंशन में की जा रही 20 प्रतिशत कटौती का विरोध किया.  बड़ी संख्या में सेवानिवृत्त कर्मियों ने नगर निगम प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई और कटी हुई राशि एक सप्ताह के भीतर वापस करने की मांग करते हुए ज्ञापन सौंपा.
 

Ranch :   रांची नगर निगम के सेवानिवृत्त कर्मचारी संघ ने सोमवार को निगम कार्यालय में प्रदर्शन कर पेंशन में की जा रही 20 प्रतिशत कटौती का विरोध किया.  बड़ी संख्या में सेवानिवृत्त कर्मियों ने नगर निगम प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई और कटी हुई राशि एक सप्ताह के भीतर वापस करने की मांग करते हुए ज्ञापन सौंपा.

 

संघ के अध्यक्ष अवध बिहारी तिवारी ने बताया कि हाईकोर्ट के निर्देश के बाद वर्ष 2017 से नगर निगम के सेवानिवृत्त कर्मचारियों को राज्यकर्मियों के समान पेंशन का भुगतान किया जा रहा है. उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले तीन महीने से बिना किसी पूर्व सूचना के पेंशनभोगियों के खातों से 20 प्रतिशत राशि की कटौती की जा रही है, जो न तो विधिसम्मत है और न ही न्यायोचित.

 

संघ के मंत्री सुधीर कुमार ने कहा कि नगर निगम के करीब 400 सेवानिवृत्त कर्मचारी और पेंशनभोगी इस कटौती से प्रभावित हैं. बिना किसी सूचना के पेंशन में कटौती किए जाने से सभी सेवानिवृत्त कर्मियों में रोष है. उन्होंने नगर निगम प्रशासन से इस निर्णय पर पुनर्विचार करने और एक सप्ताह के भीतर कटी हुई राशि संबंधित पेंशनभोगियों के खातों में वापस जमा कराने की मांग की.

 

संघ के पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि निर्धारित समय सीमा के भीतर उनकी मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई नहीं की गई, तो सभी वरिष्ठ नागरिक एवं पेंशनभोगी आंदोलन करने को बाध्य होंगे. उन्होंने कहा कि ऐसी स्थिति की पूरी जिम्मेदारी नगर निगम प्रशासन की होगी.

 

प्रदर्शन के दौरान संघ के अध्यक्ष अवध बिहारी तिवारी, उपाध्यक्ष रामवली यादव, दुर्गा प्रसाद कुम्हार, मंत्री सुधीर कुमार, संयुक्त मंत्री सुरेंद्र प्रसाद सिंह, संगठन मंत्री रामदास राम, कोषाध्यक्ष सुरेश सिंह, बदेश्वर पांडेय सहित बड़ी संख्या में सेवानिवृत्त कर्मचारी उपस्थित थे.

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही