Search

 
 
 

Ranchi News : पेट्रोल पंप में हिस्सेदारी का झांसा देकर रिटायर्ड डॉक्टर से 2.08 करोड़ की ठगी का आरोप

Ranchi News : शिकायत के अनुसार, आरोपी ने पेट्रोल पंप की साझेदारी से जुड़ी औपचारिकताएं पूरी कराने का भरोसा दिया और एचपीसीएल से संबंधित दस्तावेज भी दिखाए. इसके बाद उसने जमीन के विकास, सिक्योरिटी डिपॉजिट, पेट्रोल पंप निर्माण, मशीनरी, लाइसेंस, बिजली कनेक्शन और एनओसी समेत कई कामों के नाम पर डॉ. चौधरी के खाते से करीब 1.32 करोड़ और उनकी पत्नी के खाते से करीब 28.90 लाख रुपये लिए.
 
ठगी

Ranchi News : रांची के पुंदाग ओपी क्षेत्र में सेवानिवृत्त सीसीएल चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. ब्रह्मदेव चौधरी से पेट्रोल पंप में हिस्सेदारी का झांसा देकर 2.08 करोड़ की धोखाधड़ी की गई है. डॉ. चौधरी ने पुंदाग ओपी में प्राथमिकी दर्ज कर हजारीबाग निवासी पिंकू कुमार चौधरी पर धोखाधड़ी करने का आरोप लगाया है.

 

इसे भी पढ़ें

 

पेट्रोल पंप में हिस्सेदारी को लेकर हुआ था समझौता

डॉ. चौधरी द्वारा थाने में दिए आवेदन के अनुसार, पिंकू कुमार चौधरी उनके पुराने परिचित हैं. मार्च 2022 में आरोपी उनके घर पहुंचा और बताया कि चौपारण के पांडेय बाड़ा में एनएच पर एचपीसीएल का पेट्रोल पंप खोलने की मंजूरी मिल चुकी है.

 

पिंकू ने डॉ. चौधरी और उनकी पत्नी को बताया कि उसके पास पूंजी की कमी है. वहीं पूंजी मिलाने पर पेट्रोल पंप में 49 प्रतिशत हिस्सेदारी देने की बात भी कही. इसके बाद अप्रैल 2022 में दोनों पक्षों के बीच स्टांप पेपर पर समझौता हुआ. 

 

अलग-अलग काम के नाम पर ली रकम, पेट्रोल पंप की तस्वीरें भेजकर भरोसा दिलाता रहा

शिकायत के अनुसार, आरोपी ने पेट्रोल पंप की साझेदारी से जुड़ी औपचारिकताएं पूरी कराने का भरोसा दिया और एचपीसीएल से संबंधित दस्तावेज भी दिखाए. इसके बाद उसने जमीन के विकास, सिक्योरिटी डिपॉजिट, पेट्रोल पंप निर्माण, मशीनरी, लाइसेंस, बिजली कनेक्शन और एनओसी समेत कई कामों के नाम पर डॉ. चौधरी के खाते से करीब 1.32 करोड़ और उनकी पत्नी के खाते से करीब 28.90 लाख रुपये लिए.

 

इसके अलावा आरोपी ने अपने दूसरे कारोबार में आर्थिक परेशानी का हवाला देकर 55 लाख रुपये का लोन भी लिया. इसके लिए दिसंबर 2022 में अलग से एकरारनामा किया गया. डॉ. चौधरी का आरोप है कि पिंकू कुमार चौधरी ने करीब 27 लाख रुपये नकद और कमेटी के नाम पर लगभग 20 लाख रुपये भी लिए. आरोपी लगातार पेट्रोल पंप निर्माण तेजी से चलने की बात कहता रहा और निर्माण स्थल की तस्वीरें भी भेजता रहा.

 

शिकायत के अनुसार, आरोपी ने लाभांश के रूप में कुछ रकम डॉ. चौधरी उनके खातों में भेजी, ताकि उनका भरोसा बना रहा. हालांकि बाद में डॉ. चौधरी को शक हुआ कि उनके साथ धोखाधड़ी की जा रही है. इसके बाद उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई और आरोपी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए रकम वापस दिलाने की मांग की. पुंदाग ओपी पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही