Search

 
 
 

Ranchi News : SIR के विरोध में राजद का प्रदर्शन, 4 अक्टूबर को धुर्वा में पुतला दहन

Ranchi News :मुलाकात के दौरान सुरेश पासवान ने SIR, MMDR और OBC कॉलम हटाए जाने के मुद्दे पर राजद की ओर से जोरदार विरोध प्रदर्शन करने की बात कही. उन्होंने कहा कि इन मुद्दों को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं को सड़क पर उतरकर लोकतांत्रिक तरीके से विरोध दर्ज कराना होगा.
 
देवघर विधायक सुरेश पासवान

Ranchi News : राजद विधायक दल के नेता व देवघर विधायक सुरेश पासवान से प्रदेश राजद प्रवक्ता कैलाश यादव ने शनिवार को उनके आवास पर शिष्टाचार मुलाकात की. इस दौरान संगठनात्मक गतिविधियों और आगामी राजनीतिक कार्यक्रमों को लेकर चर्चा हुई. राजद 4 अक्टूबर को शाम 4:30 बजे धुर्वा बस स्टैंड पर सीईसी ज्ञानेश कुमार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पुतले का दहन करेगा.

 

 

मुलाकात के दौरान सुरेश पासवान ने SIR, MMDR और OBC कॉलम हटाए जाने के मुद्दे पर राजद की ओर से जोरदार विरोध प्रदर्शन करने की बात कही. उन्होंने कहा कि इन मुद्दों को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं को सड़क पर उतरकर लोकतांत्रिक तरीके से विरोध दर्ज कराना होगा.

 

कैलाश यादव ने कहा कि पिछले वर्ष बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के नेतृत्व में SIR की प्रक्रिया शुरू की गई थी. उनके अनुसार, इस प्रक्रिया में बड़ी संख्या में मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटाए गए, जिससे गरीब, ग्रामीण, कम पढ़े-लिखे और दूसरे राज्यों में मजदूरी करने वाले लोगों के प्रभावित होने की आशंका है. यादव ने कहा कि लोकतंत्र में प्रत्येक पात्र नागरिक के मताधिकार की रक्षा जरूरी है.

 

राजद नेताओं ने SIR की प्रक्रिया को लेकर गंभीर आरोप भी लगाए. सुरेश पासवान ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार के इशारे पर कमजोर, गरीब, अल्पसंख्यक, आदिवासी, दलित और पिछड़े वर्ग के लोगों के नाम मतदाता सूची से हटाए गए हैं. उन्होंने इसे लोकतंत्र और संविधान के खिलाफ बताया.

 

MMDR के मुद्दे पर पासवान ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार झारखंड की खनिज संपदा से जुड़े राजस्व और राज्य के विकास को प्रभावित करने की कोशिश कर रही है. उन्होंने कहा कि हेमंत सोरेन के नेतृत्व वाली सरकार में ऐसा प्रयास सफल नहीं होगा.

 

OBC कॉलम को लेकर भी राजद नेताओं ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा. यादव ने कहा कि देश में जातीय जनगणना की प्रक्रिया चल रही है और ऐसे समय में OBC कॉलम हटाने का फैसला उचित नहीं है. उन्होंने कहा कि राजद इन सभी मुद्दों को लेकर राज्यभर में लोकतांत्रिक तरीके से विरोध प्रदर्शन करेगा.

 

कैलाश यादव ने बताया कि 4 अक्टूबर को शाम 4:30 बजे धुर्वा बस स्टैंड पर सीईसी ज्ञानेश कुमार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पुतले का दहन किया जाएगा. कार्यक्रम का आयोजन रांची जिला राजद की ओर से किया गया है. इसमें रांची में रहने वाले राजद के नेता और कार्यकर्ता शामिल होंगे.मुलाकात के दौरान कैलाश यादव के साथ महिला राजद नेत्री ऊषा यादव, पार्वती ठाकुर, आशा देवी, शारदा देवी सहित अन्य लोग मौजूद थे.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही