Ranchi News : श्रीनगर में आयोजित 70वीं राष्ट्रीय स्कूली खेल प्रतियोगिता (SGFI) में झारखंड के ताइक्वांडो खिलाड़ी संगम राज ने रजत पदक जीतकर राज्य का गौरव बढ़ाया.इस सत्र की राष्ट्रीय स्कूली खेल प्रतियोगिता में झारखंड का यह दूसरा पदक और पहला रजत पदक है.
संगम राज झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद, रांची के नेतृत्व में प्रतियोगिता में हिस्सा लेने पहुंची राज्य की टीम के सदस्य हैं. वह स्कूली शिक्षा व साक्षरता विभाग, झारखंड के अंतर्गत प्रतियोगिता में भाग ले रहे हैं.
अंडर-17 आयु वर्ग के 48 से 51 किलोग्राम भार वर्ग में संगम राज ने शानदार प्रदर्शन किया. उन्होंने पहले मुकाबले में IBSSO, दूसरे में कर्नाटक, तीसरे में उत्तराखंड और चौथे में बिहार के खिलाड़ियों को 2-0 से हराया.
इसके बाद उन्होंने फाइनल में जगह बनाई. खिताबी मुकाबले में गुजरात के खिलाड़ी से उन्हें 1-2 से हार का सामना करना पड़ा. इस तरह उन्होंने रजत पदक अपने नाम किया.झारखंड की ताइक्वांडो टीम के मैनेजर इम्तियाज हुसैन और क्वीन ठाकुर हैं. वहीं, कोच रमेश गिरी और संतोष तिवारी खिलाड़ियों का मार्गदर्शन कर रहे हैं.
संगम राज की इस उपलब्धि पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, शिक्षा सचिव उमाशंकर सिंह, परियोजना निदेशक शशि रंजन, प्रशासी पदाधिकारी मनोज कुमार, राज्य कार्यक्रम पदाधिकारी धीरसेन ए.सोरेंग और राज्य खेल कोषांग के सदस्यों ने बधाई दी. सभी ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की.

