Ranchi News: श्री सर्वेश्वरी समूह के रांची शाखा में समूह का 66वां स्थापना दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया. रांची के अघोर पथ स्थित औघड़ भगवान राम आश्रम में सोमवार को समूह का स्थापना दिवस के मौके पर सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालु-सदस्यों ने सुबह 5:30 बजे दो पहिया और चार पहिया वाहनों से प्रभात फेरी निकालकर सर्वेश्वरी भजन के साथ नगर भ्रमण किया.
इसे भी पढ़ें:
यह प्रभात फेरी श्री सर्वेश्वरी समूह के परिसर से अघोर पथ होते हुए किशोर गंज चौक, न्यू मार्केट चौक, पिस्का मोढ, ओ. टी. सी. ग्राउंड, काजु बगान रोड, इटकी रोड, पिस्का मोढ, न्यू मार्केट चौक, हरमु रोड, किशोर गंज चौक होते हुए लगभग 7 बजे वापस आश्रम परिसर पहुंचा. इस अवसर पर आश्रम परिसर में सर्वेश्वरी ध्वज पूजन, गुरु पूजन एवं सदग्रन्थ सफल योनि का पाठ किया गया. साथ ही समूह के सदस्यों की ओर से शहीद चौक स्थित शहीद स्थल पर दीप दान किया गया.
बता दें, आज ही के दिन 21 सितम्बर 1961 को समूह के संस्थापक अध्यक्ष अघोरेश्वर भगवान रामजी ने मानवता के कल्याण के लिए श्री सर्वेश्वरी समूह की स्थापना की थी. वर्त्तमान में इस संस्था के 150 से अधिक शाखा देश विदेश में संचालित हो रहे है. जिसके माध्यम से अनेक धार्मिक तथा जन कल्याणकारी कार्य किये जाते हैं.
स्थापना दिवस के अवसर पर धार्मिक स्थलों में झाड़ू वितरण तथा मूक बधीर विद्यालय में बच्चों के बीच फल-बिस्कुट बांटे गए. इसके अलावा आश्रम में विचार गोष्ठी प्रोफेसर सुदामा चौबे की अध्यक्षता में हुई. जिसमें अभय सहाय, मन्मथ नाथ देवघरिया, सोमेश पाण्डेय, समुद्रश्री नाथ शाहदेव, नयन मंजरी देवी, दीक्षा कुमारी, सुदर्शन सिंह ने अपने विचार व्यक्त किए. सभी वक्ताओं ने श्री सर्वेश्वरी समूह के आध्यात्मिक एवं सामाजिक क्षेत्र में योगदान व महत्व के बारे में बताया.
गोष्ठी में यशवन्त नाथ शाहदेव ने मंगलाचरण किया व सुश्री शाम्भवी सौम्या ने कर्णप्रिय भजन प्रस्तुत किया. गोष्ठी का संचालन हेमन्त नाथ शाहदेव तथा यदुनाथ शाहदेव ने धन्यवाद ज्ञापित किया. सामूहिक प्रसाद वितरण के साथ स्थापना दिवस के कार्यक्रम संपन्न हुआ.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

