Ranchi News : महान शिक्षाविद् और भारत के पूर्व राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जयंती के अवसर पर शनिवार को देशभर में शिक्षक दिवस मनाया गया. इस मौके पर रांची के धुर्वा स्थित झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद (JEPC) मुख्यालय में स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग, झारखंड सरकार की ओर से राज्य स्तरीय सम्मान समारोह का आयोजन किया गया. समारोह में राज्यभर से चयनित 192 शिक्षकों को शॉल और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया.
JEPC सभागार में आयोजित कार्यक्रम के दौरान पश्चिमी सिंहभूम की रंजीता गांधी और चाईबासा की शिल्पा गुप्ता को विशेष रूप से राजकीय सम्मान से नवाजा गया. चयनित शिक्षकों को शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान, नवाचार और पाठ्यक्रम निर्माण सहित शिक्षण व्यवस्था को बेहतर बनाने में किए गए सराहनीय कार्यों के लिए सम्मानित किया गया.
कार्यक्रम में परियोजना निदेशक ने कहा कि शिक्षक विद्यार्थियों की प्रतिभा को निखारने, उनके चरित्र निर्माण और उन्हें बेहतर भविष्य के लिए तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं. उन्होंने शिक्षकों से नई तकनीक और आधुनिक शिक्षण पद्धतियों को अपनाने का आह्वान किया. साथ ही विद्यार्थियों में स्वतंत्र चिंतन और जिज्ञासा की भावना विकसित करने पर जोर दिया.
सम्मानित शिक्षकों ने भी इस अवसर पर खुशी जाहिर की. उन्होंने कहा कि जब उनके परिश्रम और कार्यों को सम्मान मिलता है तो उनके भीतर और बेहतर करने की प्रेरणा पैदा होती है. शिक्षकों के इसी उत्साह और समर्पण से विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा देने के साथ देश और समाज के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में मदद मिलती है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

