Search

 
 
 

Ranchi News: विधि को पेशा नहीं, कौशल के रूप में देखें विद्यार्थी: सुधीर मिश्रा

सरला बिरला विश्वविद्यालय के विधि विभाग द्वारा “जर्नी ऑफ अ फर्स्ट जेनरेशन लॉयर: लेसन्स एंड ऑपर्च्युनिटीज” विषय पर आयोजित एक्सपर्ट टॉक में सुप्रीम कोर्ट के वरीय अधिवक्ता एवं ट्रस्ट लीगल के संस्थापक सह मैनेजिंग पार्टनर सुधीर मिश्रा ने विद्यार्थियों को विधि को केवल पेशा नहीं, बल्कि एक कौशल के रूप में देखने की सलाह दी.
 

Ranchi : सरला बिरला विश्वविद्यालय के विधि विभाग द्वारा “जर्नी ऑफ अ फर्स्ट जेनरेशन लॉयर: लेसन्स एंड ऑपर्च्युनिटीज” विषय पर आयोजित एक्सपर्ट टॉक में सुप्रीम कोर्ट के वरीय अधिवक्ता एवं ट्रस्ट लीगल के संस्थापक सह मैनेजिंग पार्टनर सुधीर मिश्रा ने विद्यार्थियों को विधि को केवल पेशा नहीं, बल्कि एक कौशल के रूप में देखने की सलाह दी.

 

उन्होंने कहा कि विधि के क्षेत्र में सफलता के लिए समर्पण, स्पष्टता और अपनी विशिष्ट पहचान का विकास बेहद जरूरी है. विद्यार्थियों को आर्थिक लाभ को प्राथमिकता देने के बजाय अपने कौशल, दक्षता और दीर्घकालिक क्षमता निर्माण पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए.

 

उन्होंने छात्रों को चुनौतियों को स्वीकार करने, जिज्ञासा बनाए रखने और भीड़ का अनुसरण करने के बजाय अपनी अलग राह बनाने के लिए प्रेरित किया. साथ ही, विधि छात्रों को जिला न्यायालयों में इंटर्नशिप करने की सलाह देते हुए कहा कि इससे केस-मुकदमों की मूलभूत समझ विकसित होती है.

 

अपने संबोधन में मिश्रा ने एक प्रथम पीढ़ी के वकील के रूप में अपने संघर्षपूर्ण सफर को साझा किया. उन्होंने बताया कि बिना किसी कानूनी पृष्ठभूमि के इस क्षेत्र में उन्होंने कई चुनौतियों का सामना किया और एक पर्यावरण अधिवक्ता के रूप में अपनी पहचान बनाई. उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि मात्र 28 वर्ष की उम्र में उन्होंने अपनी लॉ फर्म की स्थापना की.

 

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए विश्वविद्यालय के महानिदेशक प्रो. गोपाल पाठक ने विद्यार्थियों को पेशेवर ईमानदारी बनाए रखने और उत्कृष्टता की दिशा में निरंतर प्रयास करने के लिए प्रेरित किया. उन्होंने कहा कि विधि के मूल सिद्धांतों की मजबूत नींव ही एक सफल करियर का आधार होती है.

 

विधि विभाग के सह प्राध्यापक डॉ. सुबीर कुमार ने ट्रस्ट लीगल लॉ फर्म का परिचय देते हुए इसकी कार्यप्रणाली और विद्यार्थियों के लिए उपलब्ध अवसरों पर प्रकाश डाला. कार्यक्रम में प्रश्नोत्तर सत्र भी आयोजित किया गया, जिसमें छात्रों ने कई महत्वपूर्ण प्रश्न पूछे.

 

कार्यक्रम का संचालन सहायक प्राध्यापिका कोमल गुप्ता ने किया, जबकि विभागाध्यक्ष डॉ. आलोक कुमार ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया. इस अवसर पर डीन डॉ. आर. के. सिंह ने आयोजन समिति के प्रयासों की सराहना करते हुए कार्यक्रम की सफलता के लिए सभी प्रतिभागियों को बधाई दी.

 

सरला बिरला विश्वविद्यालय के प्रतिकुलाधिपति बिजय कुमार दलान, कुलपति प्रो. सी. जगनाथन एवं राज्यसभा सांसद सह निदेशक प्लानिंग एंड डेवलपमेंट डॉ. प्रदीप कुमार वर्मा ने इस तरह के आयोजन की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रमों के आयोजन पर जोर दिया.

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

 

 

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही