Search

 
 
 

Ranchi News : सरकारी स्कूलों में 19 से 21 मई तक लगेगा तीन दिवसीय समर कैंप

झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद (JEPC), रांची द्वारा राज्य के सभी सरकारी स्कूलों में गर्मी की छुट्टी शुरू होने से पहले 19 से 21 मई 2026 तक तीन दिवसीय समर कैंप आयोजित किया जाएगा. राज्य में 22 मई से गर्मी की छुट्टियां निर्धारित हैं.
 

Ranchi : झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद (JEPC), रांची द्वारा राज्य के सभी सरकारी स्कूलों में गर्मी की छुट्टी शुरू होने से पहले 19 से 21 मई 2026 तक तीन दिवसीय समर कैंप आयोजित किया जाएगा. राज्य में 22 मई से गर्मी की छुट्टियां निर्धारित हैं.

 

स्कूली शिक्षा व साक्षरता विभाग के तत्वावधान में आयोजित यह कार्यक्रम नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के अनुरूप विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है. कैंप में कक्षा 1 से 12वीं तक के विद्यार्थियों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी. 

 

कार्यक्रम के सफल संचालन की जिम्मेदारी संबंधित विद्यालय प्रधान को सौंपी गई है.समर कैंप की थीम सीखें, खेलें, सृजन करें रखी गई है. इसके तहत विद्यार्थियों के शारीरिक, मानसिक, रचनात्मक और सांस्कृतिक विकास के लिए विभिन्न गतिविधियों का आयोजन होगा.

 

पहले दिन फिटनेस और पारंपरिक खेल

19 मई को खेल के साथ फिटनेस व सृजन के संग बचपन थीम के अंतर्गत योगाभ्यास, फिटनेस गतिविधियां, दौड़, रस्सीकूद तथा पारंपरिक खेल आयोजित किए जाएंगे. इसके साथ ही स्थानीय संस्कृति से जुड़े खिलौनों और कलाकृतियों के निर्माण की गतिविधियां भी होंगी.

 

दूसरे दिन खेल प्रतियोगिता और पोस्टर मेकिंग

20 मई को कबड्डी, खो-खो, फुटबॉल, वॉलीबॉल समेत विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा. साथ ही स्वच्छता, पर्यावरण और खेल संरक्षण विषय पर पोस्टर निर्माण, विद्यालय बैंड और समूह गतिविधियां भी कराई जाएंगी.

 

तीसरे दिन सांस्कृतिक प्रस्तुतियां

21 मई को नृत्य कला व कला-संस्कृति विषय पर लोकगीत, क्षेत्रीय नृत्य और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे. इसके अलावा कहानी वाचन, पुस्तक पठन, चित्रकला तथा अनुभव साझा करने जैसी गतिविधियां भी संचालित की जाएंगी. कैंप में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को शिक्षकों द्वारा प्रोत्साहित और सम्मानित किया जाएगा.

 

परिषद ने सभी विद्यालयों को समर कैंप के सफल आयोजन के लिए पूर्व तैयारी, प्रचार-प्रसार और प्रतिदिन गतिविधियों की रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं. प्रत्येक विद्यालय को प्रतिदिन की गतिविधियों की तस्वीरें प्रखंड और जिला स्तर पर साझा करनी होंगी.

 

गर्मी को देखते हुए विद्यार्थियों को पानी की बोतल साथ लाने और स्वास्थ्य संबंधी सावधानियों का पालन करने को कहा गया है. जिन विद्यालयों में खेल, कला, संगीत और बैंड से संबंधित संसाधन उपलब्ध हैं, वहां विशेष प्रशिक्षण शिविर भी लगाए जा सकते हैं.परिषद के अनुसार यह समर कैंप विद्यार्थियों में खेल भावना, रचनात्मकता, नेतृत्व क्षमता और सांस्कृतिक चेतना विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल साबित होगा.

 

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही