Ranchi : जगन्नाथपुर रथ मेला में कुछ व्यापारी और स्थानीय लोग अवैध वसूली कर रहे है. बाहरी बाउंसरों की तैनाती और व्यापारियों को डराने-धमकाने के गंभीर आरोप लगाए गए हैं. आरोप है कि पिछले सात-आठ दिनों से मेला संरक्षण समिति के नाम पर कुछ असामाजिक तत्व दुकानदारों, फुटपाथ विक्रेताओं, ठेला-खोमचा संचालकों से जबरन वसूली कर रहे हैं, जिससे व्यापारियों में भय का माहौल है.
इसे भी पढ़ें...
कुछ व्यापारियों ने नाम सार्वजनिक नहीं करने की शर्त पर बताया कि काले रंग की जर्सी पहने बाउंसर लोग वसूली कर रहे हैं. व्यापारियों ने बताया कि बाहरी राज्यों से आकर अवैध वसूली कर रहे हैं. विरोध करने पर डराया-धमकाया जाता है, जिससे वे मजबूरी में कारोबार कर रहे हैं.
पीड़ित लोगों ने बताया कि जब उन्होंने बाउंसरों से बातचीत की तो कुछ ने स्वयं को बाहर से सात दिनों के लिए बुलाया गया कर्मी बताया और कहा कि वे मेला समिति के निर्देशों का पालन कर रहे हैं. इसके बाद उन्होंने मेला प्रबंधन समिति के मंच का भी निरीक्षण किया, जहां कई लोगों की मौजूदगी देखी गई. उन्होंने सवाल उठाया कि प्रशासन की मौजूदगी के बावजूद निजी बाउंसरों की आवश्यकता क्यों पड़ी.
शिकायतकर्ता ने दावा किया कि मेले में बड़े पैमाने पर अवैध वसूली की जा रही है. हालांकि इस दावे की पुष्टि नहीं हो सकी है. आरोप है कि वसूली के कारण कई व्यापारी समय से पहले अपना कारोबार समेटने की सोच रहे हैं और भविष्य में मेले में नहीं आने की बात कह रहे हैं.
शिकायतकर्ता ने कहा कि भगवान जगन्नाथ की आस्था से जुड़े इस मेले में किसी भी प्रकार की अनियमितता या भ्रष्टाचार स्वीकार्य नहीं है. उन्होंने कहा कि यदि आवश्यक हुआ तो वे पूरे मामले को सार्वजनिक करेंगे और निष्पक्ष जांच की मांग करेंगे. उन्होंने जगन्नाथपुर रथ मेला सेवा दल, मेला प्रबंधन समिति और प्रशासन से जांच कराने की मांग करेंगे और दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की जाएगी.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.


Leave a Comment