Ranchi News : रेल नेटवर्क को बेहतर बनाने और यात्री सुविधाओं के विस्तार के लिए दक्षिण पूर्व रेलवे ने एक अहम कदम उठाया है. चक्रधरपुर मंडल ने आदित्यपुर रेलवे स्टेशन पर 9.33 करोड़ रुपए की लागत से अतिरिक्त स्टैबलिंग लाइनें (ट्रेनों को पार्क करने और उनके रखरखाव वाली पटरियां) बिछाने की योजना तैयार की है.
इस महत्वपूर्ण परियोजना के लिए रेलवे प्रशासन ने आधिकारिक निविदा (टेंडर) जारी कर दी है, जिसे 22 सितंबर को खोला जाएगा.इस योजना के तहत आदित्यपुर में खाली ट्रेनों और उनके डिब्बों (रेक) को सुरक्षित खड़ा करने के लिए अलग से पटरियां उपलब्ध कराई जाएंगी. यात्रा पूरी करने के बाद जब ट्रेनें अगली रवानगी के इंतजार में होती हैं, तो उन्हें प्लेटफॉर्म पर रखने के बजाय इन स्टैबलिंग लाइनों पर पार्क किया जाता है.
इससे प्लेटफॉर्म खाली रहेंगे और अन्य नियमित ट्रेनों की आवाजाही बिना किसी रुकावट के समय पर हो सकेगी. साथ ही, इन लाइनों पर खाली ट्रेनों की साफ-सफाई और पानी भरने जैसे बुनियादी रखरखाव के कार्य भी आसानी से किए जा सकेंगे.
वर्तमान में ट्रेनों और खाली डिब्बों के अत्यधिक दबाव के कारण टाटानगर रेलवे यार्ड में परिचालन संबंधी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है. आदित्यपुर में इस नई व्यवस्था के शुरू होने से टाटानगर स्टेशन और उसके यार्ड पर ट्रेनों की भीड़भाड़ काफी कम होगी. इसके साथ ही पार्किंग और रखरखाव की अतिरिक्त जगह मिलेगी. इससे भविष्य में नई यात्री ट्रेनों की शुरुआत और उनके परिचालन के रास्ते भी खुलेंगे, जिससे यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा.

