Ranchi News : रातू थाना क्षेत्र में करमा पर्व की रात युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो युवकों को गिरफ्तार किया है, जबकि दो किशोरों को निरुद्ध किया गया है. आरोपियों की पहचान संदीप मुंडा उर्फ रावन और सुनील मुंडा के रूप में हुई है.
इसे भी पढ़ें...
पीड़िता ने 26 सितंबर को रातू थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी. शिकायत में बताया गया कि 22 सितंबर की रात करमा पर्व के दौरान तीन-चार अज्ञात युवकों ने उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया.
घटना की गंभीरता को देखते हुए SSP के निर्देश पर विशेष अनुसंधान दल का गठन किया गया. पुलिस ने मानवीय और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मामले में शामिल चार लोगों की पहचान की. इनमें दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि दो किशोरों को निरुद्ध किया गया.
पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वह लोग चटकपुर पंचायत में करमा पूजा का मेला देखने के बाद लौट रहे थे. इसी दौरान उन्होंने पीड़िता को मोबाइल पर बात करते हुए जाते देखा. पुलिस का कहना है कि आरोपियों ने मौका देखकर उसके साथ वारदात को अंजाम दिया और उसके पास से चेन भी छीन ली, जिसे बाद में बेच दिया गया.
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी संदीप मुंडा उर्फ रावन के पास से एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किया है. पुलिस के अनुसार, मोबाइल में घटना से संबंधित साक्ष्य मिले हैं.
गिरफ्तार दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने की कार्रवाई की जा रही है, जबकि दोनों नाबालिगों को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है. मामले में आगे की जांच और कार्रवाई जारी है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

