Ranchi News : राजधानी रांची के हटिया इलाके में सोमवार को एक 28 वर्षीय महिला ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. घटना जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र के विकास नगर रोड नंबर-2 स्थित दिव्या एन्क्लेव की है. मृतका की पहचान मीनू कुमारी के रूप में हुई है. घटना की जानकारी मिलते ही जगन्नाथपुर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को फंदे से उतारकर पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया.
परिजनों के अनुसार, सोमवार सुबह परिवार के लोग मीनू के घर पहुंचे थे. काफी देर तक दरवाजा खटखटाने और आवाज देने के बावजूद जब कोई जवाब नहीं मिला, तो परिजनों ने दरवाजा तोड़ दिया. अंदर मीनू फंदे से लटकी मिली. इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई.
मृतका के भाई सुबोध कांत ने पुलिस को बताया कि मीनू के पति गौरव कुमार ठेकेदारी का काम करते हैं. करीब दो दिन पहले दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था. विवाद के बाद गौरव बच्चों को लेकर पटना चले गए थे. इसके बाद से मीनू घर में अकेली रह रही थी.
भाई ने आशंका जताई है कि पति के साथ हुए विवाद के बाद मानसिक तनाव में आकर मीनू ने यह कदम उठाया होगा. हालांकि, आत्महत्या की वास्तविक वजह क्या थी, यह पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा.
मृतका के माता-पिता और भाई सिंह मोड़ क्षेत्र में रहते हैं. भाई सुबोध कांत हाईकोर्ट में कार्यरत हैं. पुलिस ने उनके लिखित आवेदन के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है. फिलहाल पुलिस पति-पत्नी के बीच हुए विवाद समेत घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

