Ranchi : नीट पेपर लीक मामले को लेकर देशभर में जारी विरोध के बीच आज रांची के बापू वाटिका में युवा राष्ट्रीय जनता दल (राजद) ने एक दिवसीय सत्याग्रह किया. प्रदर्शन के जरिये राजद ने दिल्ली के जंतर-मंतर पर चल रहे आंदोलन को समर्थन दिया.
इस दौरान शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से इस्तीफे की मांग की गई. साथ ही शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की अपील की गई.
प्रदर्शन के दौरान युवा राजद नेताओं ने आरोप लगाया कि शिक्षा व्यवस्था का व्यवसायीकरण हो गया है. उन्होंने कहा कि मेडिकल जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए छात्र-छात्राएं वर्षों तक मेहनत करते हैं. वहीं अभिभावकों के लाखों रुपये खर्च होते हैं. लेकिन पेपर लीक जैसी घटनाओं से उनकी मेहनत और भविष्य दोनों प्रभावित हो रहे हैं.
कार्यकर्ताओं ने पेपर लीक की घटनाओं से निराश छात्रों का भी मुद्दा उठाया. उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाओं के कारण कई परिवारों को क्षति हुई है. प्रदर्शनकारियों ने कहा कि बार-बार परीक्षा प्रभावित होने से उनके करियर पर गंभीर असर पड़ता है.
युवा राजद नेताओं ने केंद्र सरकार पर छात्रों की समस्याओं की अनदेखी करने का आरोप लगाया. उनका कहना था कि छात्र लंबे समय से अपनी मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे हैं. लेकिन सरकार की ओर से कोई ठोस पहल या संवाद नहीं किया जा रहा है. उन्होंने शिक्षा व्यवस्था में जवाबदेही तय करने और परीक्षा प्रणाली को पूरी तरह पारदर्शी बनाने की मांग की.
प्रदर्शन में मौजूद नेताओं ने कहा कि शिक्षा मंत्री का इस्तीफा जवाबदेही तय करने की दिशा में पहला कदम होगा. उन्होंने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगें नहीं मानी गईं तो युवा राजद आगे भी चरणबद्ध आंदोलन जारी रखेगा.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें


Leave a Comment