Ranchi News: नगर निगम के 16 सामुदायिक भवन अब ऑनलाइन बुकिंग की सुविधा से जुड़ेंगे. नगर निगम ने इसकी प्रक्रिया शुरू कर दी है. पहले चरण में 5 सामुदायिक भवनों को ऑनलाइन प्रणाली से जोड़ा गया है. इनकी बुकिंग 6 सितंबर से शुरू होगी. इससे शादी, सामाजिक, धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए भवन बुक कराने के लिए लोगों को नगर निगम कार्यालय के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे.
इसे भी पढ़ें:
पहले चरण में वार्ड-14 के इंदिरा गांधी चौक, वार्ड-18 के ईस्ट जेल रोड, वार्ड-36 के न्यू पुंदाग, वार्ड-44 के इलासिया कम्युनिटी हॉल, पारस टोली और वार्ड-45 के ग्वाला टोली, मजार रोड, डोरंडा स्थित सामुदायिक भवन ऑनलाइन किए गए हैं.
दो श्रेणियों में शुल्क तय
नगर निगम ने सामुदायिक भवनों को उपलब्ध सुविधाओं, क्षमता, सड़क की चौड़ाई, परिसर और अन्य व्यवस्थाओं के आधार पर दो श्रेणियों में बांटा है. स्वर्णरेखा श्रेणी के भवन की बुकिंग दर 25000 रूपये के साथ जीएसटी और पलाश श्रेणी के भवन की दर 15000 रुपए के साथ जीएसटी तय की गई है. बुकिंग के दौरान 5000 रुपए की सिक्योरिटी राशि भी जमा करनी होगी. निर्धारित शर्तें पूरी होने पर यह राशि वापस की जाएगी.
पोर्टल पर भी देख सकेंगे सुविधाएं
नागरिक ऑनलाइन बुकिंग पोर्टल पर जाकर भवन की उपलब्धता देख सकेंगे और अपनी सुविधा के अनुसार तारीख का चयन कर बुकिंग करा सकेंगे. ऑनलाइन व्यवस्था से बुकिंग प्रक्रिया सरल और पारदर्शी होगी.
नगर आयुक्त ने कहा कि सामुदायिक भवनों को ऑनलाइन बुकिंग से जोड़ने का उद्देश्य लोगों को बेहतर सुविधा प्रदान करना है. इसके साथ सार्वजनिक परिसंपत्तियों का व्यवस्थित उपयोग सुनिश्चित करना है. पहले चरण के बाद शेष सामुदायिक भवनों को भी ऑनलाइन प्रणाली से जोड़ा जाएगा.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

