Search

 
 
 

Ranchi : पिठोरिया फायरिंग कांड का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार, पिस्टल व बाइक बरामद

Ranchi : पिठोरिया थाना क्षेत्र में हुई फायरिंग की घटना का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. मामले में पुलिस ने एक देसी पिस्टल, जिंदा कारतूस और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी बरामद की है.
 

Ranchi : पिठोरिया थाना क्षेत्र में हुई फायरिंग की घटना का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. मामले में पुलिस ने एक देसी पिस्टल, जिंदा कारतूस और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी बरामद की है. 

 

पुलिस के अनुसार, 2 जून 2026 की शाम करीब 6 बजे कोकदोरो निवासी फिरोज अंसारी ने शिकायत दर्ज कराई थी कि मोटरसाइकिल सवार दो युवकों ने उसे जान से मारने की नीयत से गोली चलाई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया. शिकायत के आधार पर पिठोरिया थाना में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई.

 

वरीय पुलिस अधीक्षक रांची के निर्देश पर गठित विशेष छापेमारी दल ने कार्रवाई करते हुए मामले के मुख्य आरोपी शोएब अंसारी उर्फ जुनुवा अंसारी (23 वर्ष) और अफसर अंसारी (22 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया. पूछताछ के दौरान दोनों की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल की गई 7.65 एमएम देसी पिस्टल, एक जिंदा कारतूस और बजाज पल्सर मोटरसाइकिल बरामद की गई.

 

जांच में सामने आया कि वर्ष 2022 में फिरोज अंसारी के भतीजे की हत्या कर दी गई थी. इस मामले में अफसर अंसारी भी आरोपी था. पुलिस के अनुसार, वर्तमान फायरिंग की घटना उसी पुराने विवाद और गवाही को लेकर उत्पन्न रंजिश का परिणाम है. आरोप है कि फिरोज अंसारी को अदालत में गवाही नहीं देने के लिए धमकाया जा रहा था.

 

पुलिस ने बताया कि दोनों गिरफ्तार आरोपियों ने पूछताछ में घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है. साथ ही पिठोरिया और कांके थाना क्षेत्र की कई अन्य आपराधिक घटनाओं में भी अपनी भूमिका कबूल की है, जिनकी जांच जारी है. गिरफ्तार आरोपी अफसर अंसारी के खिलाफ पहले से हत्या और अन्य गंभीर धाराओं के कई मामले दर्ज हैं.

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही