Ranchi: फेडरेशन ऑफ झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज की लॉ एंड ऑर्डर उप समिति के तत्वावधान में आज सोमवार को सदर थाना में पुलिस–व्यवसायी समन्वय समिति की बैठक हुई. बैठक में थाना क्षेत्र के व्यवसायियों ने अपने-अपने इलाकों की समस्याओं और सुझावों से थाना प्रभारी को अवगत कराया.

बैठक के दौरान व्यवसायियों ने बाजार क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने, पुलिस गश्ती बढ़ाने और असामाजिक तत्वों पर सख्त कार्रवाई की मांग की. सदर थाना प्रभारी कुलदीप कुमार ने सभी समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया और कानून व्यवस्था बनाए रखने में व्यवसायियों से सहयोग की अपील की.
चर्चा के क्रम में थाना क्षेत्र के व्यापारियों और पुलिस पदाधिकारियों के बीच बेहतर संवाद के लिए व्हाट्सएप ग्रुप बनाने का निर्णय लिया गया, ताकि किसी भी समस्या या सूचना का त्वरित आदान-प्रदान किया जा सके.
व्यवसायियों ने बैठक में चौक-चौराहों, सड़कों के किनारे और दुकानों के बाहर नशेड़ियों की बढ़ती गतिविधियों पर चिंता जताते हुए, इस पर रोक लगाने की मांग की. साथ ही कोकर इंडस्ट्रियल एरिया से जुड़ी समस्याओं को भी प्रमुखता से उठाया और कई क्षेत्रों में पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ाने की आवश्यकता पर जोर दिया.
बैठक में अतिक्रमण से उत्पन्न समस्याओं पर भी चर्चा हुई. व्यापारियों ने बताया कि कोकर डिस्टिलरी पुल के पास अक्सर जाम की स्थिति बनी रहती है, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है.
इसके अलावा बैठक में एक व्यवसायी से रंगदारी मांगने के मामले में थाना स्तर पर कार्रवाई में हो रही देरी का मुद्दा उठा. व्यवसायियों ने कार्रवाई में देरी पर आपत्ति जताई और त्वरित कार्रवाई की मांग की. इस पर थाना प्रभारी ने बताया कि वर्तमान में थाना क्षेत्र में दो पीसीआर वाहन सक्रिय हैं और किसी भी आपात स्थिति में 112 नंबर पर कॉल करने पर निकटतम पीसीआर तुरंत सहायता के लिए पहुंचेगी.
बैठक के बाद लॉ एंड ऑर्डर उप समिति के चेयरमैन मुकेश कुमार अग्रवाल ने मीडिया को बताया कि इस बैठक का उद्देश्य व्यापारियों और पुलिस प्रशासन के बीच बेहतर संवाद और समन्वय स्थापित करना है. उन्होंने कहा कि ऐसी बैठकों से समस्याओं का समाधान तेजी से संभव होता है और क्षेत्र में कानून व्यवस्था को मजबूत बनाने में भी मदद मिलती है.
उन्होंने बताया कि चैंबर भविष्य में भी विभिन्न थाना क्षेत्रों में इस तरह की बैठकों का आयोजन करता रहेगा, ताकि व्यापारियों की सुरक्षा और व्यापारिक वातावरण को और बेहतर बनाया जा सके.
बैठक में पूर्व उपमहापौर संजीव विजयवर्गीय, कार्यकारिणी सदस्य मनीष सराफ, अमित शर्मा, अनीश बुधिया, कोकर व्यापार संघ के प्रमोद सिंघानिया, जयदेव धुत सहित कई लोगों ने अपने विचार साझा किए.
इस अवसर पर रतन अग्रवाल, आशीष दास, विजय महतो, बिपिन वर्मा, आनंद जैन, आशीष सिंह, अरुण अग्रवाल, दीपक अग्रवाल, बरुण कुमार, संतोष उरांव, संजय खेतान, विकास बरनवाल समेत कोकर क्षेत्र के कई व्यापारी और उद्यमी उपस्थित थे.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें


Leave a Comment