Ranchi: राजधानी रांची के एयरपोर्ट थाना इलाके में 7 मार्च की रात को 8 बजे के बाद अपराधियों ने एक होटल में घुसकर ताबड़तोड़ गोलीबारी की. इस फायरिंग में अपराधियों ने होटल संचालक के चचेरे भाई मनीष गोप की गोली मारकर हत्या कर दी और मौके से फरार हो गए. जानकारी के मुताबिक, अपराधी बाइक से आए थे और गोली मारकर आराम से फरार हो गए.
खुलेआम गोली मारकर हत्या से रांची पुलिस की पेट्रोलिंग पर सवाल उठ रहे हैं. राजधानी रांची के अलग अलग इलाकों में पुलिस की पेट्रोलिंग गाड़ियां गस्त करती है. इसके बावजूद बेखौफ अपराधी गोली मारकर फरार हो जाते है. पुलिस की पेट्रोलिंग और गस्ती की गंभीरता पर सवाल उठ रहे है.
पुलिस दावा करती है कि शाम और रात को एंटी क्राइम चेकिंग अभियान चलाया जाता है लेकिन अपराधी शहर के सबसे पॉश और सक्रिय इलाके में दुस्साहस करता है. अपराधी का हौसला इतना बुलंद था कि बेखौफ होकर हत्या की वारदात को अंजाम दिया. यदि एयरपोर्ट थाना इलाके में सही ढ़ग से पेट्रोलिंग गाड़ी की मौजूदगी होती और एंटी क्राइम चेकिंग चलती तो शायद आज के दिनों में रांची पुलिस को अपराधियों को पकड़ने में इतने मेहनत करने की जरुरत नहीं पड़ती. फिलहाल इस मामले में रांची पुलिस किसी भी अपराधी को नहीं पकड़ सकी है.
वीपीएन व आईपी एड्रेस के जरिए छानबीन कर रही पुलिस
वीपीएन (virtual private network) और आईपी एड्रेस (internet protocol) के सहारे रांची पुलिस इस मामले की छानबीन में जुटी हुई है. मिली जानकारी के अनुसार प्रिंस खान ने वीपीएन के जरिए रंगदारी की मांग की और नहीं देने पर जान से मारने की धमकी दी. जानकारों का मानना है कि आईपी एड्रेस वैरिएबल होता है और बदलते रहता है. जिसके कारण सटीक जानकारी जुटा पाना आसान नहीं होता है. फिलहाल रांची पुलिस इसी के सहारे अपराधियों के बारे में जानकारी जुटा रही है.
शूटर की नहीं हुई पहचान, बाइक का नंबर प्लेट था फोल्ड
होटल में घुसकर अपराधी हत्या की वारदात को अंजाम देकर फरार हो गया. इस घटना के दो दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस शूटर की पहचान नहीं कर सकी है. पुलिस ने बताया कि संदेह के आधार पर कुछ लोगों से पूछताछ कर रही है लेकिन सटीक जानकारी सामने नहीं आ पाई है. अपराधी बाइक का नंबर प्लेट फोल्ड किये हुए था, जिसके कारण बाइक की पहचान करना मुश्किल हो रहा है.
ऑडियो में प्रिंस खान खुद को दुबई में बता रहा
गैंग्सटर प्रिंस खान झारखंड पुलिस के लिए सरदर्द बना हुआ है. प्रिंस खान कहां है इसकी सही जानकारी किसी के पास नहीं है. होटल में मर्डर के बाद से प्रिंस खान ने खुद को दुबई में होने की बात कही है. अपना ऑडियो भेजकर पैसे देने के लिए कहा है, यदि पैसा नहीं मिला तो इस बार घर पर बम बरसाया जाएगा.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें


Leave a Comment