Search

 
 
 

दुर्गा पूजा, दिवाली व छठ पर रांची रेल मंडल चलाएगा 7 जोड़ी स्पेशल ट्रेनें, प्लेटफॉर्म टिकट हुआ महंगा

Ranchi News: त्योहारों में घर लौटने वाले यात्रियों के लिए रेलवे 7 प्रमुख रूटों पर स्पेशल ट्रेनों का परिचालन कर रहा है. दिल्ली के लिए रांची–आनंद विहार स्पेशल 3 अक्टूबर से और अजमेर के लिए पूजा स्पेशल 2 अक्टूबर से शुरू होगी. दक्षिण भारत के लिए हटिया–लोकमान्य तिलक टर्मिनस (मुंबई) स्पेशल 12 अक्टूबर से और हटिया–सर एम विश्वेश्वरैया (बेंगलुरु) स्पेशल 14 अक्टूबर से चलेगी.
 
फाइल फोटो

Ranchi News: दुर्गापूजा, दीपावली और छठ जैसे प्रमुख त्योहारों पर यात्रियों की भारी भीड़ को देखते हुए रांची रेल मंडल ने तैयारियां तेज कर दी हैं. यात्रियों की सुविधा के लिए जहां सात प्रमुख रूटों पर पूजा स्पेशल ट्रेनें चलाने का निर्णय लिया गया है, वहीं स्टेशनों पर अनावश्यक भीड़ को रोकने के लिए रांची और हटिया में प्लेटफॉर्म टिकट की दर 10 रुपये से बढ़ाकर 20 रुपये कर दी गई है.

 

इन रूटों पर चलेंगी पूजा स्पेशल ट्रेनें

त्योहारों में घर लौटने वाले यात्रियों के लिए रेलवे 7 प्रमुख रूटों पर स्पेशल ट्रेनों का परिचालन कर रहा है. दिल्ली के लिए रांची–आनंद विहार स्पेशल 3 अक्टूबर से और अजमेर के लिए पूजा स्पेशल 2 अक्टूबर से शुरू होगी. दक्षिण भारत के लिए हटिया–लोकमान्य तिलक टर्मिनस (मुंबई) स्पेशल 12 अक्टूबर से और हटिया–सर एम विश्वेश्वरैया (बेंगलुरु) स्पेशल 14 अक्टूबर से चलेगी. इसके अलावा अलीपुरद्वार, सांतरागाछी और पटना–चर्लपल्ली के लिए भी स्पेशल ट्रेनें चलाई जाएंगी.

इसे भी पढे़ं - 

 

लोकल रूट और नियमित ट्रेनों में बढ़े कोच

स्थानीय यात्रियों की सुविधा के लिए हटिया–बानो अनारक्षित स्पेशल ट्रेन का संचालन 30 नवंबर तक रोजाना जारी रहेगा. इसके अतिरिक्त, रांची-गोड्डा, रांची-चोपन, रांची-सासाराम और रांची-आरा एक्सप्रेस जैसी नियमित ट्रेनों में बढ़ती मांग को देखते हुए स्थायी रूप से अतिरिक्त कोच जोड़ दिए गए हैं, ताकि यात्री क्षमता बढ़ाई जा सके.

 

10 अक्टूबर से लागू होगी प्लेटफॉर्म टिकट की नई दर

स्टेशनों पर गैर-जरूरी भीड़ को रोकने के लिए प्लेटफॉर्म टिकट की बढ़ी हुई दरें 10 अक्टूबर से 29 नवंबर 2026 तक लागू रहेंगी. इस दौरान रांची और हटिया रेलवे स्टेशनों पर यह टिकट 20 रुपये में मिलेगा.

 

 छोटे स्टेशनों पर भी ठहराव

हटिया स्टेशन पर यात्रियों का दबाव कम करने के लिए दक्षिण की ओर जाने वाली मुंबई और बेंगलुरु स्पेशल ट्रेनों को बलसिरिंग, गोविंदपुर रोड और बानो स्टेशनों पर वैकल्पिक ठहराव दिया गया है. इसके साथ ही  रांची स्टेशन का दक्षिणी प्रवेश द्वार 10 अक्टूबर (महालया) से आंशिक रूप से खोल दिया जाएगा. आवश्यकतानुसार प्लेटफॉर्म संख्या 6 से भी ट्रेनों का संचालन होगा.

 

प्लेटफॉर्म पर भीड़ रोकने को होल्डिंग एरिया 

अधिक भीड़ वाले दिनों में स्टेशन पर यात्रियों के सुगम आवागमन के लिए खास व्यवस्था की गई है. यात्रियों को ट्रेन आने से पहले सीधे प्लेटफॉर्म पर भेजने के बजाय निर्धारित 'होल्डिंग एरिया' में व्यवस्थित रूप से बैठाया जाएगा. इस एरिया में बैठने, पेयजल, प्रकाश और ट्रेन सूचना जैसी जरूरी सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी.

 

निगरानी के लिए 24×7 वॉर रूम और हेल्पलाइन

त्योहारों के दौरान ट्रेनों के समयबद्ध संचालन और स्टेशन व्यवस्था की निगरानी के लिए 24 घंटे सक्रिय रहने वाला वॉर रूम बनाया गया है. किसी भी सहायता या जानकारी के लिए यात्री सीधे वॉर रूम के हेल्पलाइन नंबर 9835921955 पर संपर्क कर सकते हैं. सुरक्षा के लिहाज से आरपीएफ और जीआरपी के अतिरिक्त जवान तैनात किए गए हैं और सीसीटीवी से पूरे परिसर पर लगातार नजर रखी जा रही है.

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

 

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही