Search

 
 
 

रांची: सदर अस्पताल में सिकल सेल मरीजों के लिए पेशेंट सपोर्ट ग्रुप वर्कशॉप

राष्ट्रीय सिकल सेल उन्मूलन मिशन के तहत सदर अस्पताल, रांची के ऑडिटोरियम में मंगलवार को पेशेंट सपोर्ट ग्रुप के लिए एक दिवसीय वर्कशॉप का आयोजन किया गया.
 
  • 315 से अधिक मरीज और परिजन हुए शामिल

Ranchi : राष्ट्रीय सिकल सेल उन्मूलन मिशन के तहत सदर अस्पताल, रांची के ऑडिटोरियम में मंगलवार को पेशेंट सपोर्ट ग्रुप के लिए एक दिवसीय वर्कशॉप का आयोजन किया गया. 

 

कार्यक्रम ब्लड कोषांग राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन और यूनिसेफ झारखंड के संयुक्त सहयोग से संपन्न हुआ. वर्कशॉप में सिकल सेल से पीड़ित लगभग 315 मरीजों और उनके अभिभावकों ने भाग लिया.

 

कार्यक्रम में राज्य ब्लड सेल के नोडल पदाधिकारी डॉ प्रमोद कुमार सिंह, डिप्टी डायरेक्टर हेल्थ सर्विसेज व हेमेटोलॉजिस्ट डॉ अभिषेक रंजन, सदर अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ विमलेश कुमार सिंह और यूनिसेफ के स्वास्थ्य पदाधिकारी डॉ वानेश माथुर मौजूद रहे.

 

कार्यशाला का उद्देश्य सिकल सेल रोग से प्रभावित मरीजों और उनके देखभालकर्ताओं को रोग प्रबंधन, नियमित इलाज और मानसिक सहयोग से जोड़ना था.

 

विशेषज्ञों ने समय पर जांच, हाइड्रॉक्सी यूरिया दवा के नियमित सेवन, संतुलित आहार, संक्रमण से बचाव और दर्द की स्थिति में त्वरित इलाज की आवश्यकता पर जानकारी दी.

 

इंटरेक्टिव काउंसलिंग सत्र के दौरान मरीजों और परिजनों ने अपनी समस्याएं साझा कीं, जिनका समाधान विशेषज्ञों द्वारा किया गया. इस अवसर पर जेनेटिक काउंसलिंग, परिवार स्क्रीनिंग और सरकारी स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी भी दी गई.

 

एनएचएम और यूनिसेफ प्रतिनिधियों ने वर्ष 2047 तक सिकल सेल उन्मूलन के लक्ष्य को हासिल करने के लिए स्क्रीनिंग, उपचार और जनजागरूकता को और मजबूत करने की प्रतिबद्धता दोहराई.

 

कार्यक्रम का समापन रोगी सहायता समूह को जिला और प्रखंड स्तर तक विस्तारित करने के संकल्प के साथ किया गया, ताकि प्रभावित लोगों को निरंतर चिकित्सा और सामाजिक सहयोग मिल सके.

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही