Ranchi : जगन्नाथपुर रथ मेला के दौरान 500 मीटर दायरे में शराब की बिक्री पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी. इसके साथ ही मेले में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए CCTV कैमरे, वॉच टावर, फायर ब्रिगेड और सादे लिबास में पुलिस बल की तैनाती की जाएगी. यह निर्णय मंगलवार को उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में जिला स्तरीय समीक्षा बैठक में लिया गया.
बैठक में 16 से 25 जुलाई तक आयोजित होने वाले 365वें जगन्नाथपुर रथयात्रा महोत्सव की तैयारियों की समीक्षा की गई. उपायुक्त ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ समय पर तैयारियां पूरी करने का निर्देश दिए.
रथयात्रा मार्ग पर दुकानों को निर्धारित दायरे में रखने और पूरे रूट पर बैरिकेडिंग करने का निर्णय लिए गए. बाहरी वाहनों के प्रवेश पर रोक रहेगी और रथ मार्ग से अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए गए हैं.
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मेला क्षेत्र में खोया-पाया केंद्र बनाया जाएगा. भीड़ नियंत्रण के लिए वॉच टावर स्थापित किए जाएंगे और स्थानीय थानों को पूरे रूट का निरीक्षण करने को कहा गया है.
स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए मेले में प्लास्टिक और सिंगल यूज प्लास्टिक के उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा. पर्याप्त संख्या में शौचालयों का निर्माण कराया जाएगा और नगर निगम विशेष सफाई अभियान चलाएगा.
बैठक में पूरे मेला क्षेत्र में पर्याप्त CCTV कैमरे लगाए जाएंगे. आपात स्थिति से निपटने के लिए फायर ब्रिगेड की तैनाती और इमरजेंसी एग्जिट की व्यवस्था की जाएगी. बिजली आपूर्ति निर्बाध रखने और चोरी की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए सादे लिबास में पुलिसकर्मियों की तैनाती होगी.
पार्किंग शुल्क निर्धारित कर उसका सार्वजनिक प्रदर्शन अनिवार्य किया जाएगा, ताकि श्रद्धालुओं से मनमाना शुल्क नहीं वसूला जा सके. वहीं, मंदिर परिसर में चल रहे सौंदर्यीकरण कार्य और पर्यटन विकास की संभावनाओं पर भी चर्चा की गई.
उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने कहा कि जगन्नाथपुर रथयात्रा रांची की ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक पहचान है. इसे भव्य, सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाने के लिए सभी विभागों को जिम्मेदारी के साथ कार्य करना होगा, ताकि लाखों श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.


Leave a Comment