Search

 
 
 

रांची : मुठभेड़ में घायल आफताब डोरंडा फायरिंग में भी था शामिल, SSP ने घटनास्थल का लिया जायजा

रांची के तुपुदाना इलाके में पुलिस और संगठित आपराधिक गिरोह के बीच हुई मुठभेड़ में एक अपराधी घायल हुआ है. घायल अपराधी की पहचान आफताब के रूप में हुई है, जो जेल में बंद कुख्यात अपराधी सुजीत सिन्हा द्वारा संचालित 'केएसएस' नामक गिरोह से जुड़ा है.
 

Ranchi :   रांची के तुपुदाना इलाके में पुलिस और संगठित आपराधिक गिरोह के बीच हुई मुठभेड़ में एक अपराधी घायल हुआ है. घायल अपराधी की पहचान आफताब के रूप में हुई है, जो जेल में बंद कुख्यात अपराधी सुजीत सिन्हा द्वारा संचालित 'केएसएस' नामक गिरोह से जुड़ा है. घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी राकेश रंजन, ग्रामीण एसपी प्रवीण पुष्कर, हटिया डीएसपी सहित कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचकर जायजा लिया. 

 

डोरंडा फायरिंग में भी था शामिल आफताब 

घायल अपराधी आफताब बीते सप्ताह डोरंडा के कुसई कॉलोनी स्थित सत्यभामा अपार्टमेंट के बाहर हुई गोलीबारी में भी शामिल था. इस घटना को शहर में दहशत फैलाने और कारोबारियों से रंगदारी वसूलने के लिए अंजाम दिया गया था. गोलीबारी के बाद घटनास्थल से पुलिस को चार कागज के टुकड़े मिले थे, जिन पर लाल स्याही से 'कुबेर केकेएस' लिखा था. 

 

पुलिस का दावा है कि यह संगठित गिरोह दहशत फैलाने और बिल्डरों से वसूली करने के उद्देश्य से न सिर्फ पर्चे फेंक रहा है, बल्कि हवाई फायरिंग भी कर रहा है, ताकि व्यापारी वर्ग में डर पैदा कर उनसे आसानी से रंगदारी वसूली जा सके.

 

वसूली और दहशत फैलाने की साजिश

पुलिस के अनुसार, सत्यभामा अपार्टमेंट और उसके आसपास के लोगों ने भी फायरिंग की घटना की पुष्टि की थी. चश्मदीदों के मुताबिक, दो बाइक पर चार से पांच की संख्या में अपराधी सत्यभामा अपार्टमेंट के पास पहुंचे थे. उन्होंने गोलीबारी की घटना को अंजाम दिया और मौके से फरार हो गए थे.

 

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यह कार्रवाई संगठित अपराध के खिलाफ उनकी लगातार चल रही मुहिम का हिस्सा है. आफताब के पकड़े जाने से केएसएस गिरोह के कई अन्य सदस्यों और उनके मंसूबों का खुलासा होने की उम्मीद है. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है.

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही