Ranchi News : राजधानी में 2800 बेड के नए अस्पताल की तैयारी तेज हो गई है. कांके के नगड़ी में बनने वाले रिम्स-2 मल्टी-स्पेशियलिटी टीचिंग हॉस्पिटल सह मेडिकल कॉलेज के निर्माण से पहले पर्यावरण मंजूरी लेने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है. करीब 2514 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली इस परियोजना को जल्द जमीन पर उतारने की तैयारी है.
इसे भी पढ़ें...
पर्यावरण मंजूरी के लिए कंसल्टेंट होगा नियुक्त
परियोजना के लिए झारखंड स्टेट बिल्डिंग कंस्ट्रक्शन कॉरपोरेशन लिमिटेड यानी JSBCCL ने विशेषज्ञ कंसल्टेंट की नियुक्ति की प्रक्रिया शुरू कर दी है. इसके लिए इच्छुक एजेंसियों से आवेदन मांगे गए हैं. सितंबर के अंत तक कंसल्टेंट का चयन करने का लक्ष्य रखा गया है.
क्या काम करेगा कंसल्टेंट
चयनित कंसल्टेंट रिम्स-2 परियोजना का पर्यावरण पर पड़ने वाला असर जांचेगा. वह पानी, सीवेज, मेडिकल वेस्ट और दूसरी पर्यावरणीय जरूरतों का अध्ययन कर रिपोर्ट तैयार करेगा. इसके बाद परियोजना के लिए जरूरी पर्यावरण मंजूरी लेने की प्रक्रिया में भी मदद करेगा.
टेंडर प्रक्रिया हो चुकी है पूरी
रिम्स-2 के निर्माण के लिए टेंडर प्रक्रिया पहले ही पूरी की जा चुकी है. अब निर्माण एजेंसी को काम सौंपने से पहले जरूरी मंजूरियां लेने की तैयारी चल रही है. प्रशासन की कोशिश है कि निर्माण शुरू होने के बाद अनुमति से जुड़ी किसी समस्या के कारण काम न रुके.
2800 बेड से बढ़ेगी इलाज की सुविधा
नगड़ी में बनने वाला रिम्स-2 करीब 2800 बेड की क्षमता वाला बड़ा अस्पताल और मेडिकल कॉलेज होगा. इससे रांची समेत आसपास के लोगों को गंभीर और जटिल बीमारियों के इलाज के लिए अतिरिक्त सुविधाएं मिलने की उम्मीद है. साथ ही मेडिकल छात्रों की पढ़ाई और प्रशिक्षण के लिए भी क्षमता बढ़ेगी.
फिलहाल कंसल्टेंट के चयन के बाद पर्यावरणीय अध्ययन और रिपोर्ट तैयार करने का काम आगे बढ़ेगा. इसके बाद जरूरी मंजूरियां लेने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी. सरकार की कोशिश है कि सभी औपचारिकताएं जल्द पूरी कर रिम्स-2 का निर्माण कार्य शुरू कराया जा सके.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

