Ranchi : राजधानी रांची के अपर बाजार इलाके में देर रात लूट और हमले की सनसनीखेज घटना सामने आई है. शादी समारोह से घर लौट रहे एक युवक पर 6 बदमाशों ने हमला कर दिया. आरोप है कि बदमाशों ने युवक को चाकू मारकर घायल कर दिया और उसकी चेन, मोबाइल फोन और नकदी लूटकर फरार हो गए.
पीड़ित विकास कुमार ने बताया कि घटना रात करीब 3.30 बजे की है. वह अपनी कार से घर लौट रहे थे. इसी दौरान छह युवक उनका पीछा करने लगे. जब उनकी गाड़ी एक बंद गली में पहुंची तो उन्होंने यह सोचकर कार का शीशा नीचे किया कि शायद पीछे आ रहे लोग रास्ता पूछना चाहते हैं. विकास का आरोप है कि शीशा नीचे करते ही बदमाशों ने दोनों तरफ से कार को घेर लिया और उनकी चेन छीनने की कोशिश की. जब उन्होंने विरोध किया तो एक बदमाश ने उनके पेट में चाकू मार दिया. वहीं, हाथ पर पत्थर से भी हमला किया गया.

पीड़ित युवक
पीड़ित के अनुसार, हमलावरों ने आरोप लगाया कि वह तेज रफ्तार और लापरवाही से गाड़ी चला रहे थे. हालांकि विकास ने कहा कि वह नशे में नहीं थे और सामान्य गति से वाहन चला रहे थे. हमले के बाद बदमाश उनकी चेन, मोबाइल फोन और कार में रखे करीब 4 से 5 हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गए. विकास कुमार ने चार आरोपियों की पहचान आर्यन मेहता, अंश राज वर्मा, राज वर्मा और नवीन साहू के रूप में की है. दो अन्य आरोपी अब भी अज्ञात हैं.
पीड़ित ने कहा कि उनकी किसी भी आरोपी से कोई पुरानी दुश्मनी या विवाद नहीं था. उनके अनुसार, यह घटना लूटपाट की नीयत से की गई. मामले की जानकारी पुलिस को दे दी गई है और आगे की कार्रवाई की जा रही है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.


Leave a Comment