Ranchi News : डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय (DSPMU) में मंगलवार को तीन दिवसीय युवा महोत्सव ‘स्पंदन’ का उत्साहपूर्ण शुभारंभ हुआ. 3 से 5 नवंबर तक आयोजित होने वाले इस महोत्सव में विद्यार्थी सांस्कृतिक, साहित्यिक और रचनात्मक प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं. महोत्सव के लिए कुल 554 प्रविष्टियां दर्ज की गई हैं.
इसे भी पढ़ें...
उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. राजीव मनोहर ने विद्यार्थियों को जीवन में अनुशासन, सम्मान और सही दिशा चुनने का संदेश दिया. उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को यह समझना जरूरी है कि उन्हें जीवन में किस दिशा में आगे बढ़ना है और किन रास्तों से बचना है. शिक्षक और विद्यार्थियों के बीच बेहतर संबंध तथा आपसी सम्मान को उन्होंने सफलता का महत्वपूर्ण आधार बताया.
कुलपति ने विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास, सकारात्मक सोच और नैतिक मूल्यों पर भी जोर दिया. उन्होंने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल डिग्री हासिल करना नहीं, बल्कि जिम्मेदार और अनुशासित नागरिक बनना भी है.
कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों के स्वागत, विश्वविद्यालय के कुलगीत, दीप प्रज्वलन और गणेश वंदना के साथ हुई. स्वागत भाषण डॉ. विनय भरत ने दिया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन डॉ. शालिनी लाल ने किया. मंच संचालन डॉ. मनीष मिश्रा ने किया.
पहले दिन आयोजित हुईं कई प्रतियोगिताएं
महोत्सव के पहले दिन पारंपरिक रंगोली, महिला सशक्तीकरण विषय पर कोलाज निर्माण, क्विज, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) विषय पर वाद-विवाद, अंग्रेजी काव्य पाठ और पोस्टर निर्माण जैसी प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं.
क्विज प्रतियोगिता में 57 विद्यार्थियों ने पंजीकरण कराया था, जिनमें 42 उपस्थित रहे. पोस्टर निर्माण में 38 पंजीकरण के मुकाबले 31 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया. वहीं, वाद-विवाद प्रतियोगिता में 29 विद्यार्थियों ने पंजीकरण कराया था, जिनमें 14 प्रतिभागी शामिल हुए.
‘स्पंदन’ के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा, रचनात्मकता और विचारों को अभिव्यक्त करने का अवसर मिल रहा है. महोत्सव के आयोजन से विश्वविद्यालय परिसर में उत्साह और रचनात्मक ऊर्जा का माहौल बना हुआ है.
इस अवसर पर डीन एकेडमिक डॉ. नमिता सिंह, कार्यक्रम समन्वयक डॉ. गीतांजलि सिंह, डॉ. विनय भरत, डॉ. शालिनी लाल सहित विश्वविद्यालय के शिक्षक, कर्मचारी और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित थे. इसकी जानकारी विश्वविद्यालय के निदेशक जनसंपर्क डॉ. राजेश कुमार सिंह ने दी.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

