Search

 
 
 

देश के कई बड़े शहरों से टूटा रांची का हवाई संपर्क, खराब मौसम से इंडिगो की 24 उड़ानें रद्द

Ranchi News :मौसम विभाग (IMD) ने राज्य में भारी बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है. खराब दृश्यता के कारण कई उड़ानों को वाराणसी और लखनऊ डायवर्ट किया गया. कांग्रेस की राष्ट्रीय सचिव जरिता लैतफलांग भी रांची आ रही एक फ्लाइट में फंसी रहीं.
 
फाइल फोटो
  • हवा में 2 घंटे फंसी रहीं कांग्रेस नेत्री

Ranchi News : राजधानी रांची और इसके आसपास के इलाकों में शुक्रवार (25 सितंबर) को मौसम काफी खराब रहा. इसका सीधा असर बिरसा मुंडा एयरपोर्ट की विमान सेवाओं पर पड़ा है. खराब मौसम और कम दृश्यता को देखते हुए इंडिगो एयरलाइंस ने अपनी 24 उड़ानों को रद्द कर दिया है. इसमें रांची आने वाली 12 और यहां से जाने वाली 12 उड़ानें शामिल हैं.

 

 

 खराब मौसम में फंसी कांग्रेस नेत्री, फ्लाइट हुई डायवर्ट 

मौसम विभाग (IMD) ने राज्य में भारी बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है. खराब दृश्यता के कारण कई उड़ानों को वाराणसी और लखनऊ डायवर्ट किया गया. कांग्रेस की राष्ट्रीय सचिव जरिता लैतफलांग भी रांची आ रही एक फ्लाइट में फंसी रहीं. उनकी फ्लाइट खराब मौसम के कारण दो घंटे तक हवा में चक्कर काटती रही. बाद में विमान को ईंधन के लिए वाराणसी डायवर्ट करना पड़ा. उन्होंने विमान के अंदर का एक वीडियो भी शेयर किया है, जिसमें परेशान यात्री खड़े नजर आ रहे हैं.

 

देश के कई बड़े शहरों से टूटा हवाई संपर्क 


उड़ानों के रद्द होने से रांची से देश के कई प्रमुख शहरों का हवाई संपर्क कट गया है. रद्द हुई उड़ानों में दिल्ली, कोलकाता, बेंगलुरु और पुणे के विमान शामिल हैं. इसके अलावा हैदराबाद, मुंबई, अहमदाबाद और पटना रूट की उड़ानें भी प्रभावित हुई हैं. अचानक फ्लाइट कैंसिल होने से हजारों यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.

 

सुबह आठ से रात नौ बजे तक का शेड्यूल रद्द 


इंडिगो की ओर से सुबह से लेकर रात तक की पूरी रोटेशन रद्द कर दी गई है. सुबह आठ बजे कोलकाता से आने वाली फ्लाइट से लेकर रात सवा नौ बजे तक का शेड्यूल रद्द है. इस कटौती में दिल्ली रूट पर सबसे ज्यादा असर पड़ा है, जहां की तीन उड़ानें रद्द हुई हैं. वहीं कोलकाता रूट की भी तीन उड़ानों को रद्द करना पड़ा है.

 

यात्रियों को फ्लाइट स्टेटस चेक करने की सलाह 


अचानक उड़ानें रद्द होने से कई यात्रियों को एयरपोर्ट से वापस लौटना पड़ रहा है. इंडिगो एयरलाइंस ने यात्रियों को अनावश्यक परेशानी से बचने के लिए अपडेट रहने की अपील की है. यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे घर से निकलने से पहले अपनी फ्लाइट का वर्तमान स्टेटस जरूर चेक कर लें. इसके लिए एयरलाइंस के आधिकारिक कस्टमर केयर से सीधा संपर्क किया जा सकता है.

 

 


Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही