Ranchi News : नेपाल में आई भीषण बाढ़ के बीच झारखंड की राजधानी रांची के रहने वाले 41 वर्षीय रामप्रसाद घोष लापता हो गए हैं. परिजनों के मुताबिक, रामप्रसाद नौकरी के सिलसिले में नेपाल के काठमांडू में रह रहे थे. बाढ़ के बाद से उनसे किसी तरह का संपर्क नहीं हो पा रहा है.
25 अगस्त की रात हुई थी आखिरी बातचीत
जानकारी के अनुसार, रामप्रसाद काठमांडू के अपर त्रिशूली बेसरा इलाके में एक निजी कंपनी में एडमिन के पद पर काम करते थे. वह करीब चार महीने पहले अप्रैल में नौकरी के सिलसिले में नेपाल गए थे. परिजनों के अनुसार, रामप्रसाद से उनकी आखिरी बार 25 अगस्त की रात को बात हुई थी.
इसके बाद नेपाल में बाढ़ और तबाही की खबरें सामने आने लगीं, जिसके बाद से उनका मोबाइल फोन बंद है और उनसे कोई संपर्क नहीं हो पाया है. रामप्रसाद का परिवार रांची के कोकर इलाके में रहता है. अचानक उनसे संपर्क टूटने के बाद परिवार के लोग काफी परेशान हैं.
परिजन लगातार उनकी जानकारी मिलने का इंतजार कर रहे हैं और अपने स्तर से भी संपर्क करने की कोशिश कर रहे हैं. परिजनों को उम्मीद है कि रामप्रसाद सुरक्षित होंगे और जल्द ही उनका पता चल जाएगा.
गौरतलब है कि तिब्बत में ग्लेशियर टूटने से नेपाल में बाढ़ आ गई. इस घटना में 160 से अधिक लोगों की मौत हो गई है. जबकि सैकड़ों लोग लापता हैं. ऐसे में रांची के रामप्रसाद घोष के लापता होने से परिवार वाले चिंतित हैं और उनकी सुरक्षित वापसी और ठोस जानकारी का इंतजार कर रहे हैं.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

