Ranchi News: लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के कारण जिले के जलप्रपात उफान पर हैं. जिसमें जोन्हा, हुंडरू, दशम फॉल, सीता फॉल, रिमिक्स फॉल समेत अन्य जलप्रपातों और डैम में जलस्तर बढ़ गया है. खतरा को देखते हुए जिला प्रशासन ने पर्यटकों और स्थानीय लोगों के लिए सुरक्षा चेतावनी जारी की है.
जिला जनसंपर्क कार्यालय की ओर से बुधवार को जारी आदेश में कहा गया कि जलप्रपातों में पानी की तेज धार और अचानक जलस्तर बढ़ने की आशंका के कारण आसपास का क्षेत्र बेहद जोखिम भरा है. तेज बहाव, फिसलन भरी चट्टानें और अचानक बढ़ती जलधारा गंभीर दुर्घटना का कारण बन सकती है.
इसे भी पढ़ें:
जिला प्रशासन ने पर्यटकों और स्थानीय लोगों से जलप्रपातों के आसपास जाने से बचने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है. प्रशासन ने कहा है कि प्रकृति का आनंद सुरक्षित दूरी से ही लिया जाए और किसी भी तरह का जोखिम नहीं उठाया जाए.
प्रशासन ने बारिश के दौरान डैम में बोटिंग नहीं करने की सलाह दी है.साथ ही नशे की हालत में जलप्रपात घूमने या बोटिंग करने से पूरी तरह बचने को कहा गया है.
पर्यटकों से स्थानीय प्रशासन और पुलिस के निर्देशों का पालन करने और पर्यटन विभाग के दिशा-निर्देशों को मानने की अपील की गई है. प्रशासन ने पर्यटक मित्रों की ओर से दिए जा रहे सुरक्षा निर्देशों को गंभीरता से लेने को भी कहा है.
जिला प्रशासन ने लोगों से मौसम की स्थिति और जलप्रपातों से संबंधित स्थानीय समाचारों व प्रशासनिक सूचनाओं पर नजर रखने की अपील की है. प्रशासन ने कहा कि नागरिकों और पर्यटकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है.
जलप्रपातों में उफान के दौरान रोमांच के लिए जोखिम न उठाएं. तेज बहाव और फिसलन वाली चट्टानों से दूरी बनाए रखें और परिवार के साथ सुरक्षित स्थान से ही प्राकृतिक नजारों का आनंद लें.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

