Search

 
 
 

FJCCI चुनाव में रिकॉर्ड नामांकन, 86 लोगों ने की दावेदारी पेश

Ranchi News : फेडरेशन ऑफ झारखंड चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज (एफजेसीसीआई) चुनाव के लिए 86 लोगों ने नामांकन दाखिल किया है. प्राप्त नामांकन में 77 दावेदारों ने कार्यकारिणी समिति के लिए, जबकि 9 प्रत्याशियों ने क्षेत्रीय उपाध्यक्ष पद के लिए अपनी दावेदारी पेश की है.
 
एफजेसीसीआई चुनाव

Ranchi News : फेडरेशन ऑफ झारखंड चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज (एफजेसीसीआई) के वर्ष 2026-27 के चुनाव को लेकर व्यापारिक संगठनों में हलचल तेज हो गई है. मंगलवार को नामांकन दाखिल करने की प्रक्रिया समाप्त होने के साथ ही चुनावी मैदान में उतरने वाले दावेदारों की तस्वीर सामने आने लगी है. 

 

इस बार चुनाव समिति के पास कुल 86 नामांकन पत्र पहुंचे हैं. चेंबर पदाधिकारियों के अनुसार, यह अब तक के चुनावों में सबसे अधिक नामांकन है. प्राप्त नामांकन में 77 दावेदारों ने कार्यकारिणी समिति के लिए, जबकि 9 प्रत्याशियों ने क्षेत्रीय उपाध्यक्ष पद के लिए अपनी दावेदारी पेश की है.

 

नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद शाम चार बजे चुनाव समिति ने सभी पर्चों की जांच शुरू की. चुनाव पदाधिकारी अंचल किंगर ने रिकॉर्ड संख्या में नामांकन को व्यापारिक समुदाय की चुनाव में बढ़ती भागीदारी का संकेत बताया.

 

चुनाव समिति के को-चेयरमैन पवन शर्मा के मुताबिक, बड़ी संख्या में कारोबारियों का चुनावी प्रक्रिया में शामिल होना एफजेसीसीआई के प्रति व्यापार जगत के भरोसे और रुचि को दर्शाता है. नामांकन की संख्या बढ़ने से इस बार चुनावी मुकाबला भी दिलचस्प होने की संभावना है.

 

स्क्रूटनी में दो नामांकन हुए खारिज

नामांकन पत्रों की जांच के दौरान चुनाव समिति ने दो पर्चों को अमान्य घोषित कर दिया. कार्यकारिणी समिति के लिए नामांकन दाखिल करने वाली मोनिका अग्रवाल और शौर्य खंडेलवाल के नामांकन रद्द किए गए. समिति के अनुसार, चेंबर की सदस्यता सूची में दोनों का प्रतिनिधित्व दर्ज नहीं पाया गया. इसी आधार पर उनके नामांकन स्वीकार नहीं किए गए.

 

इसके अलावा खबर लिखे जाने तक छह उम्मीदवारों के दस्तावेज से जुड़ी प्रक्रिया अभी पूरी होनी बाकी है. इन प्रत्याशियों को नाम वापसी की निर्धारित अंतिम तारीख तक अपना डीआईएन नंबर जमा करने का अवसर दिया गया है. तय समय सीमा में आवश्यक दस्तावेज जमा नहीं होने की स्थिति में उनकी उम्मीदवारी पर फैसला चुनाव समिति के नियमों के अनुसार होगा.

 

नाम वापसी के बाद साफ होगा मुकाबला

अब सभी की नजर 3 सितंबर पर है. नामांकन वापस लेने की समय सीमा समाप्त होने के बाद चुनाव समिति इसी दिन मैदान में रह गए प्रत्याशियों की अंतिम सूची जारी करेगी. इसके साथ ही यह स्पष्ट हो जाएगा कि कार्यकारिणी और क्षेत्रीय उपाध्यक्ष पदों पर कितने उम्मीदवार आमने-सामने होंगे.

 

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही