Darbhanga: जिला परिषद अध्यक्ष पद के लिए बुधवार को जिला मुख्यालय स्थित अंबेडकर सभागार में चुनाव प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई. जिला परिषद सदस्य रेणु देवी को निर्विरोध जिला परिषद अध्यक्ष निर्वाचित घोषित किया गया. अध्यक्ष पद के लिए वे एकमात्र उम्मीदवार थीं, जिसके कारण मतदान की आवश्यकता नहीं पड़ी.
47 सदस्यीय जिला परिषद के अध्यक्ष पद को लेकर सुबह से ही राजनीतिक गतिविधियां तेज रहीं. चुनाव प्रक्रिया के दौरान रेणु देवी अपने 29 समर्थक जिला परिषद सदस्यों के साथ अंबेडकर सभागार पहुंचीं. दूसरी ओर, निवर्तमान अध्यक्ष सीता देवी और उनके समर्थकों ने चुनाव प्रक्रिया से दूरी बनाए रखी. उनके खेमे का कोई भी सदस्य सदन में उपस्थित नहीं हुआ.
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार दोपहर में नामांकन प्रक्रिया शुरू हुई. रेणु देवी ने जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिलाधिकारी कौशल कुमार के समक्ष अपना नामांकन पत्र दाखिल किया. उनके प्रस्तावक के रूप में हायाघाट क्षेत्र की जिला परिषद सदस्य काजल देवी थीं, जबकि डॉ. नंदकिशोर झा ‘बेचन’ ने उनके नामांकन का समर्थन किया.
नामांकन पत्रों की जांच के बाद निर्वाचन अधिकारियों ने अन्य इच्छुक सदस्यों को भी नामांकन दाखिल करने का अवसर दिया, लेकिन निर्धारित समय सीमा तक किसी अन्य उम्मीदवार ने पर्चा दाखिल नहीं किया. इसके बाद निर्वाचन प्रक्रिया पूरी करते हुए रेणु देवी को निर्विरोध जिला परिषद अध्यक्ष घोषित कर दिया गया.
चुनाव प्रक्रिया की निगरानी के लिए समस्तीपुर के एडीएम (आपदा) को प्रेक्षक के रूप में तैनात किया गया था. वहीं, समाहरणालय परिसर और अंबेडकर सभागार के सभी प्रवेश द्वारों पर दंडाधिकारियों एवं पुलिस बल की तैनाती कर सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रखी गई थी.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.


Leave a Comment