Ranchi News : मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) को बम से उड़ाने की धमकी मिलने की सूचना सामने आई है. हालांकि पुलिस अधिकारियों ने फिलहाल इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है. धमकी ई-मेल के जरिए मिली है. सूचना के बाद रांची पुलिस के साथ सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गई हैं.
बताया जाता है कि झारखंड विधानसभा को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने सचिवालय और मुख्यमंत्री कार्यालय परिसर की सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरती है. झारखंड जगुआर की बीडीडीएस टीम को मौके पर बुलाया गया है.
टीम ने सचिवालय और सीएमओ परिसर में करीब चार घंटे तक सघन जांच अभियान चलाया. हालांकि तलाशी के दौरान किसी संदिग्ध या आपत्तिजनक वस्तु के मिलने की जानकारी सामने नहीं आई है.
वहीं, विधानसभा को धमकी दिए जाने के मामले में विधानसभा के पदाधिकारी की ओर से विधानसभा थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है. पुलिस ने धमकी भेजने वाले के स्रोत का पता लगाने के लिए तकनीकी जांच शुरू कर दी है.
धमकी से जुड़ी सूचना मिलने के बाद सचिवालय और सीएमओ परिसर में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है. पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां ई-मेल के स्रोत, भेजने वाले की पहचान और धमकी की वास्तविकता की जांच में जुटी हैं. अधिकारियों ने सुरक्षा में तैनात सभी कर्मियों को विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया है.