Search

 
 
 

Jamshedpur News: अंडरब्रिज निर्माण की मांग को लेकर बाड़ीगोड़ा के लोगों ने किया प्रदर्शन

परसुडीह थाना क्षेत्र स्थित बाड़ीगोड़ा रेल फाटक पर रविवार को ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा. वर्षों से लंबित अंडरब्रिज निर्माण कार्य शुरू नहीं होने से नाराज लोगों ने सड़क पर उतरकर विरोध प्रदर्शन किया.
 

Jamshedpur: परसुडीह थाना क्षेत्र स्थित बाड़ीगोड़ा रेल फाटक पर रविवार को ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा. वर्षों से लंबित अंडरब्रिज निर्माण कार्य शुरू नहीं होने से नाराज लोगों ने सड़क पर उतरकर विरोध प्रदर्शन किया. इस दौरान ग्रामीणों ने रेलवे प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की और टायर जलाकर अपना विरोध जताया.

 प्रदर्शन का नेतृत्व बाड़ीगोड़ा पंचायत की मुखिया सुनीता नाग और सामाजिक कार्यकर्ता मिथुन चक्रवर्ती ने किया. आंदोलन में बड़ी संख्या में महिला-पुरुष शामिल हुए. ग्रामीणों का कहना है कि करीब तीन साल पहले अंडरब्रिज निर्माण का शिलान्यास किया गया था, लेकिन आज तक निर्माण कार्य शुरू नहीं हो सका है.

 स्थानीय लोगों के अनुसार, बाड़ीगोड़ा, सालगझुरी और आसपास के इलाकों के हजारों लोगों को रोजाना रेल फाटक पर लगने वाले जाम का सामना करना पड़ता है. ट्रेन गुजरने के दौरान फाटक लंबे समय तक बंद रहता है, जिससे स्कूली बच्चों, नौकरीपेशा लोगों, फैक्ट्री कर्मचारियों और मरीजों को भारी परेशानी होती है.

 सामाजिक कार्यकर्ता मिथुन चक्रवर्ती ने कहा कि अंडरब्रिज बनने से क्षेत्र के लाखों लोगों को राहत मिलेगी, लेकिन परियोजना वर्षों से अधूरी पड़ी है. उन्होंने कहा कि कई बार मांग उठाने के बावजूद रेलवे प्रशासन की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया. साथ ही उन्होंने जनप्रतिनिधियों की भूमिका पर भी सवाल खड़े किए.

 मुखिया सुनीता नाग ने कहा कि ग्रामीण लंबे समय से अंडरब्रिज निर्माण की मांग कर रहे हैं, लेकिन अब तक केवल आश्वासन ही मिला है. उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द निर्माण कार्य शुरू नहीं किया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा.

 

फिलहाल ग्रामीणों ने शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांग प्रशासन और रेलवे अधिकारियों तक पहुंचाई है. अब क्षेत्र के लोगों को उम्मीद है कि रेलवे प्रशासन इस महत्वपूर्ण समस्या का जल्द समाधान करेगा.

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही