Ranchi: राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने झारखंड को वर्ष 2050 तक विकसित, आत्मनिर्भर और समृद्ध राज्य बनाने का संकल्प लेने का आह्वान किया है. शुक्रवार को होटल बीएनआर चाणक्य में आयोजित ‘झारखंड चर्चा 2026’ को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए राज्य के विकास का स्पष्ट और व्यावहारिक रोडमैप तैयार कर सरकार के समक्ष प्रस्तुत किया जाना चाहिए.
सभी की भागीदारी से होगा विकास
राज्यपाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया है. इसमें झारखंड की महत्वपूर्ण भूमिका होगी. खनिज, वन संपदा, प्राकृतिक सौंदर्य और समृद्ध जनजातीय संस्कृति से संपन्न राज्य में विकास की अपार संभावनाएं हैं. जरूरत इन संसाधनों, स्थानीय प्रतिभा और कौशल का बेहतर इस्तेमाल करने की है. इसके लिए सरकार, निजी क्षेत्र, सामाजिक संगठनों और आम लोगों को मिलकर काम करना होगा.
इसे भी पढ़ें -
निवेश और रोजगार पर जोर
उन्होंने कहा कि निवेश, आधुनिक तकनीक और नवाचार को बढ़ावा देकर उद्योगों का विस्तार करना होगा. साथ ही स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर पैदा करने और प्राकृतिक संसाधनों के उपयोग के साथ पर्यावरण संरक्षण के बीच संतुलन बनाना जरूरी है. पर्यटन के क्षेत्र में जलप्रपात, पहाड़, जंगल, जनजातीय संस्कृति, पारंपरिक कला और हस्तशिल्प को बढ़ावा देकर रोजगार और आय के नये रास्ते खोले जा सकते हैं.
ग्रामीण अर्थव्यवस्था मजबूत करना जरूरी
राज्यपाल ने कृषि, पशुपालन, वन आधारित उत्पाद, हस्तशिल्प और लघु उद्यमों को ग्रामीण अर्थव्यवस्था की मजबूती का आधार बताया. उन्होंने विशेष रूप से आदिम जनजातीय समूहों (PVTGs), एकल महिला मुखिया वाले परिवारों और भूमिहीन मजदूरों तक स्थायी आजीविका के अवसर पहुंचाने पर जोर दिया. महिला स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने और निर्णय प्रक्रिया में उनकी भागीदारी बढ़ाने की जरूरत भी बतायी.
शिक्षा और स्वास्थ्य को बताया विकास का आधार
गंगवार ने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, रोजगारपरक कौशल प्रशिक्षण और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं विकसित झारखंड की बुनियाद हैं. ग्रामीण और दूरदराज के इलाकों तक चिकित्सा सुविधाएं पहुंचाने के साथ यह सुनिश्चित करना होगा कि सरकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे. इसके लिए योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन, स्थानीय लोगों की भागीदारी और नियमित मूल्यांकन जरूरी है.
उन्होंने पूर्वी और पूर्वोत्तर भारत के राज्यों के बीच विकास के अनुभवों और सफल प्रयोगों को साझा करने की आवश्यकता भी जतायी. राज्यपाल ने उम्मीद व्यक्त की कि ‘झारखंड चर्चा 2026’ में होने वाला मंथन राज्य के विकास की दिशा तय करने और 2050 के लक्ष्य के अनुरूप ठोस कार्ययोजना बनाने में मददगार साबित होगा.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

