Search

 
 
 

झारखंड में परिसीमन को लेकर बीजेपी की मंशा पर कांग्रेस और जेएमएम सांसद ने उठाये सवाल

Ranchi :  मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, प्रस्तावित परिसीमन व्यवस्था में लोकसभा की सीटों में करीब 50 फीसदी तक वृद्धि का विकल्प चर्चा में है. मौजूदा 543 निर्वाचित सीटों के मुकाबले यह संख्या लगभग 815 तक पहुंच सकती है. झारखंड की लोकसभा सीटें भी मौजूदा 14 से बढ़कर 21 होने का अनुमान विभिन्न रिपोर्टों में जताया गया है. हालांकि, यह अभी प्रस्तावित गणना है, अंतिम सरकारी निर्णय नहीं.
 
कालीचरण मुंडा

Ranchi :  संसद का विशेष सत्र बुलाने की घोषणा के साथ ही झारखंड की राजनीति में हलचल तेज है. ऐसे संकेत हैं कि सरकार महिला आरक्षण लागू करने को परिसीमन से जोड़ने वाले संविधान संशोधन विधेयक को फिर से पेश कर सकती है.  हालांकि, सरकार ने अभी एजेंडा नहीं बताया है. इसे लेकर झारखंड से कांग्रेस और झारखंड मुक्ति मोर्चा के सांसदों ने केंद्र की सरकार और बीजेपी की मंशा पर सवाल उठाये हैं. 


खूंटी के कांग्रेस सांसद कालीचरण मुंडा और जेएमएम से राज्यसभा सांसद सरफराज अहमद ने परिसीमन की मंशा और संभावित प्रभाव पर सवाल उठाते हुए विरोध के संकेत दिये हैं. खूंटी से कांग्रेस सांसद कालीचरण मुंडा ने कहा कि संसद के विशेष सत्र की सूचना गुरुवार देर रात मिली है. परिसीमन विधेयक को लेकर सत्र बुलाये जाने की चर्चा है, लेकिन सांसदों को इसके प्रस्ताव और स्वरूप की विस्तृत जानकारी नहीं दी गयी है.

 

मुंडा के मुताबिक, भाजपा अपने राजनीतिक हितों के अनुरूप परिसीमन कराना चाहती है. झारखंड में पहले से आशंका है कि नये परिसीमन का असर अनुसूचित जनजाति और अनुसूचित जाति के प्रतिनिधित्व पर पड़ सकता है. उन्होंने कहा कि लोकसभा के साथ विधानसभा क्षेत्रों का भी परिसीमन प्रस्तावित है. यदि इसमें आदिवासी और दलित समुदाय के प्रतिनिधित्व को नुकसान पहुंचता है, तो इसका विरोध किया जाएगा.

 

इसे भी पढ़ें

भाजपा अपने अनुकूल सीटों का बंटवारा करना चाहती है- सरफराज अहमद

राज्यसभा सांसद सरफराज अहमद ने भी परिसीमन को लेकर केंद्र सरकार की मंशा पर सवाल खड़े किये हैं. उन्होंने कहा कि विधेयक का वास्तविक स्वरूप सामने आने के बाद ही इसके फायदे और नुकसान का आकलन किया जा सकेगा. उनका आरोप है कि केंद्र की भाजपा सरकार परिसीमन को अपने राजनीतिक हितों के मुताबिक इस्तेमाल करना चाहती है. 

 

इससे दूसरे राजनीतिक दलों के जनाधार और प्रतिनिधित्व पर असर पड़ सकता है. उन्होंने असम और पश्चिम बंगाल का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां भी इस तरह के मुद्दे सामने आये हैं. सरफराज अहमद ने कहा कि विधेयक को लेकर पार्टी जो निर्णय लेगी, सांसद उसी के अनुरूप आगे की रणनीति तय करेंगे. फिलहाल उनकी पार्टी का रुख विरोध का है.

 

झारखंड में भी सीटों की संख्या बदलाव की चर्चा

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, प्रस्तावित परिसीमन व्यवस्था में लोकसभा की सीटों में करीब 50 फीसदी तक वृद्धि का विकल्प चर्चा में है. मौजूदा 543 निर्वाचित सीटों के मुकाबले यह संख्या लगभग 815 तक पहुंच सकती है. झारखंड की लोकसभा सीटें भी मौजूदा 14 से बढ़कर 21 होने का अनुमान विभिन्न रिपोर्टों में जताया गया है. हालांकि, यह अभी प्रस्तावित गणना है, अंतिम सरकारी निर्णय नहीं.

 

विधानसभा सीटों को लेकर भी झारखंड में चर्चा तेज है. जानकारों के अनुसार राज्य की मौजूदा 81 सदस्यीय विधानसभा की संख्या बढ़कर 105 से 107 तक होने की संभावना जतायी जा रही है. हालांकि, इस आंकड़े की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. परिसीमन का वास्तविक प्रभाव विधेयक के प्रावधानों और आगे गठित होने वाले परिसीमन आयोग के फैसलों पर निर्भर करेगा. झारखंड में खास तौर पर आदिवासी बहुल क्षेत्रों और आरक्षित सीटों के प्रतिनिधित्व को लेकर राजनीतिक दलों की चिंता बढ़ रही है.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही