Ranchi News: रांची में संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की ओर से आयोजित सम्मिलित रक्षा सेवा परीक्षा (II) और राष्ट्रीय रक्षा अकादमी एवं नौसेना अकादमी परीक्षा (II), 2026 को लेकर जिला प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है. परीक्षा को शांतिपूर्ण और कदाचार मुक्त कराने के लिए परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर के दायरे में निषेधाज्ञा लागू की गई है.
अनुमंडल दंडाधिकारी सदर रांची कुमार रजत ने BNSS की धारा 163 के तहत यह आदेश जारी किया है. निषेधाज्ञा 13 सितंबर 2026 की सुबह 7 बजे से शाम 9 बजे तक प्रभावी रहेगी.
इसे भी पढ़ें -
इस दौरान परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर के दायरे में 5 या उससे अधिक लोगों के एक जगह जमा होने, लाउडस्पीकर या ध्वनि विस्तारक यंत्र के इस्तेमाल, हथियार लेकर चलने, लाठी-डंडा, तीर-धनुष, गड़ासा-भाला जैसे हरवे हथियार रखने और किसी तरह की बैठक या आमसभा करने पर रोक रहेगी. सरकारी काम में लगे अधिकारी-कर्मचारी और शवयात्रा को इससे छूट दी गई है.
जिला प्रशासन के अनुसार, परीक्षा केंद्रों पर पहले से ही दंडाधिकारी, पुलिस अधिकारी और पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की गई है. इसके बावजूद असामाजिक तत्वों द्वारा भीड़ जुटाकर कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की आशंका को देखते हुए यह कदम उठाया गया है.
रांची में परीक्षा के 21 केंद्र हैं, जिनमें सेंट्रल एकेडमी बरियातू, संत अलोइस हाईस्कूल, संत अन्ना बालिका उच्च विद्यालय, उर्सुलाइन इंटर कॉलेज, गोस्सनर हाईस्कूल, फिरायालाल पब्लिक स्कूल, संत पॉल कॉलेज, डोरण्डा कॉलेज, गोस्सनर कॉलेज, DAV पब्लिक स्कूल कांके, निर्मला कॉलेज, जेएमजे हाई स्कूल, अनिता गर्ल्स हाई स्कूल, विवेकानंद विद्या मंदिर धुर्वा समेत अन्य केंद्र शामिल हैं. प्रशासन ने परीक्षा के दौरान सभी केंद्रों पर शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था की है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

