Ranchi News: बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर यात्रियों की सुरक्षा और आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं को पुख्ता करने के उद्देश्य से एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई. 'यात्री सेवा अभियान 2026' के तहत आयोजित इस समन्वय बैठक में एयरपोर्ट प्रबंधन और मेडिकल टीम ने चिकित्सा तैयारियों का बारीकी से मूल्यांकन किया. इस पहल का मुख्य उद्देश्य किसी भी अप्रत्याशित आपात स्थिति में यात्रियों को त्वरित और प्रभावी चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराना है.
अभियान के तहत एयरपोर्ट परिसर में स्थित मेडिकल इंस्पेक्शन रूम का अधिकारियों ने गहन निरीक्षण किया. इस दौरान वहां मौजूद जीवनरक्षक दवाओं, जरूरी उपकरणों और प्राथमिक उपचार (फर्स्ट-एड) की व्यवस्थाओं की स्थिति परखी गई. इसके साथ ही किसी गंभीर परिस्थिति में मरीज को बिना देरी के बड़े अस्पताल पहुंचाने के लिए तैनात एंबुलेंस सुविधाओं और त्वरित प्रतिक्रिया तंत्र (इमरजेंसी रिस्पॉन्स) की भी समीक्षा की गई.
इसे भी पढ़ें -
बैठक के दौरान एयरपोर्ट अधिकारियों और चिकित्सा दल के बीच बेहतर तालमेल पर विशेष बल दिया गया, ताकि आपातकालीन स्थिति में तुरंत फैसला लिया जा सके. मेडिकल स्टाफ को हर समय अलर्ट रहने और टर्मिनल भवन या उड़ान के दौरान किसी यात्री की तबीयत बिगड़ने पर तत्काल राहत पहुंचाने के निर्देश दिए गए.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

