Ranchi News : रांची समेत झारखंड के कई जिलों में सोमवार से लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के बीच सोनाहातू, सिल्ली और पातराहातू को जोड़ने वाले जर्जर पुल पर खतरा बढ़ गया है. लगातार बारिश के कारण आसपास की नदी का जलस्तर बढ़ रहा है. ऐसे में प्रशासन ने एहतियातन दोनों छोर पर बैरिकेडिंग कर आवागमन पूरी तरह रोक दिया है.
रांची की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें...
दरअसल ग्रामीणों ने संभावित हादसे की आशंका को देखते हुए पुल की जर्जर स्थिति की जानकारी प्रशासन को दी थी. मामले की गंभीरता को देखते हुए सोनाहातू पुलिस ने ग्रामीणों के सहयोग से करीब एक सप्ताह पहले ही पुल के एक छोर पर बैरिकेडिंग कर वाहनों और लोगों की आवाजाही रोक दी थी.
वहीं अब सिल्ली पुलिस ने भी अपनी सीमा की ओर पुल के दूसरे छोर पर बैरिकेडिंग कर दी है. इसके साथ ही पुल पर छोटे-बड़े सभी वाहनों के आवागमन पर रोक लगा दी गयी है. पुलिस का कहना है कि लगातार बारिश और बढ़ते जलस्तर के बीच जर्जर पुल से आवाजाही करना जोखिम भरा हो सकता है. एहतियात के तौर पर यह कदम उठाया गया है, ताकि किसी तरह की अप्रिय घटना को रोका जा सके.

सिल्ली पुलिस पुल के दूसरे छोर पर की बैरिकेडिंग
बैरिकेडिंग पार नहीं करने की अपील
पुलिस ने ग्रामीणों और राहगीरों से अपील की है कि किसी भी परिस्थिति में बैरिकेडिंग पार कर पुल पर जाने का प्रयास न करें. सिल्ली पुलिस ने स्पष्ट किया है कि पुल क्षतिग्रस्त होने के कारण यहां से आवागमन पूर्णत: वर्जित है. समय रहते पुलिस की सतर्कता और ग्रामीणों के सहयोग से संभावित बड़े हादसे को टालने में मदद मिली है. हालांकि, जर्जर पुल के कारण ग्रामीणों की आवाजाही प्रभावित हुई है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

