Jamshedpur : झारखंड सरकार ने पूर्वी सिंहभूम जिले में 22.445 किलोमीटर लंबी सड़क के पुनर्निर्माण को मंजूरी दे दी है. इस परियोजना पर कुल 102.40 करोड़ रुपये खर्च होंगे. इसके लिए राज्य सरकार ने अपने हिस्से के 21.53 करोड़ रुपये की प्रशासनिक और वित्तीय स्वीकृति दी है.
यह सड़क भुईयांसिनान से सुसनी होते हुए हाथीखेदा मंदिर तक बनाई जाएगी. यह परियोजना केंद्र सरकार की केंद्रीय सड़क एवं आधारभूत संरचना निधि (CRIF) के तहत पूरी की जाएगी.
इस योजना में केंद्र सरकार पहले ही 73.51 करोड़ रुपये की मंजूरी दे चुकी है. वहीं, राज्य सरकार भूमि अधिग्रहण, यूटिलिटी शिफ्टिंग और अन्य जरूरी कार्यों पर 21.53 करोड़ रुपये खर्च करेगी. इसमें भूमि अधिग्रहण के लिए 11.08 करोड़ रुपये और यूटिलिटी शिफ्टिंग के लिए 1.27 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है.
सरकार ने वित्तीय वर्ष 2026-27 में इस परियोजना का काम पूरा करने का लक्ष्य रखा है. राशि की निकासी जमशेदपुर कोषागार से होगी और काम की जिम्मेदारी पथ प्रमंडल, जमशेदपुर के कार्यपालक अभियंता को दी गई है.
सरकार का कहना है कि सड़क बनने से स्थानीय लोगों को बेहतर आवागमन की सुविधा मिलेगी. साथ ही हाथीखेदा मंदिर आने-जाने वाले श्रद्धालुओं को भी इसका लाभ मिलेगा.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

