Lagatar Desk : रेलवे भर्ती बोर्ड (RRB) ने गैर-तकनीकी लोकप्रिय श्रेणियों (NTPC) के स्नातक स्तरीय पदों पर भर्ती के लिए सांकेतिक अधिसूचना जारी कर दी है. इस भर्ती के तहत सभी आरआरबी में कुल 3,477 अनंतिम पदों पर नियुक्ति की जाएगी. योग्य अभ्यर्थी 8 अक्टूबर 2026 से ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे.
आवेदन की अंतिम तिथि 6 नवंबर 2026 रात 11:59 बजे तक निर्धारित की गई है. अभ्यर्थियों को आवेदन के लिए rrbapply.gov.in पोर्टल का इस्तेमाल करना होगा. भर्ती से संबंधित विस्तृत जानकारी आरआरबी की आधिकारिक वेबसाइट rrb.indianrailways.gov.in पर जारी की जाएगी.
पे लेवल 5 और 6 में होगी भर्ती
एनटीपीसी स्नातक स्तरीय भर्ती के तहत पदों पर नियुक्ति 7वें केंद्रीय वेतन आयोग (7th CPC) के पे लेवल-5 और पे लेवल-6 के अनुसार होगी. आयु सीमा, मेडिकल मानक, पात्रता, चयन प्रक्रिया और अन्य शर्तों की विस्तृत जानकारी विस्तृत CEN 06/2026 में दी जाएगी.
आधार सत्यापन पर आरआरबी का जोर
आरआरबी ने अभ्यर्थियों को आवेदन से पहले आधार से संबंधित विवरण सही रखने की सलाह दी है. आवेदन के दौरान आधार के जरिए प्राथमिक विवरण का सत्यापन किया जा सकेगा. अभ्यर्थी के आधार कार्ड में दर्ज नाम और जन्मतिथि का 10वीं कक्षा के प्रमाणपत्र में दर्ज नाम और जन्मतिथि से 100 प्रतिशत मिलान होना चाहिए.
आरआरबी ने अभ्यर्थियों को आवेदन से पहले आधार में नवीनतम फोटो, फिंगरप्रिंट और आईरिस बायोमेट्रिक्स अपडेट कराने की भी सलाह दी है, ताकि भर्ती प्रक्रिया के दौरान सत्यापन में परेशानी न हो.
सांकेतिक सूचना, विस्तृत CEN बाद में
रेलवे भर्ती बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि वर्तमान सूचना सांकेतिक अधिसूचना है. इसका उद्देश्य अभ्यर्थियों को भर्ती की संभावित तिथियों और पदों की संख्या की जानकारी देकर आवश्यक दस्तावेज तैयार करने का अवसर देना है. भर्ती की अंतिम पात्रता शर्तें, नियम, चयन प्रक्रिया और अन्य निर्देश विस्तृत CEN 06/2026 में ही स्पष्ट होंगे. आरआरबी ने अभ्यर्थियों को फर्जीवाड़े से सावधान रहने की अपील करते हुए कहा है कि जालसाजों, दलालों और नौकरी दिलाने का झांसा देने वाले लोगों से सावधान रहें.
महत्वपूर्ण तिथियां:
- आवेदन शुरू: 8 अक्टूबर 2026
- आवेदन की अंतिम तिथि: 6 नवंबर 2026, रात 11:59 बजे तक
- कुल पद: 3,477
- पद श्रेणी: एनटीपीसी स्नातक स्तर
- पे लेवल: 5 और 6
- आवेदन वेबसाइट: rrbapply.gov.in

