Ranchi News: सदर अस्पताल, रांची में कान, नाक और गले यानी ENT से जुड़ी स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने की तैयारी है. झारखंड सरकार ने ENT विभाग में विशेषज्ञ OPD और जांच की सुविधाओं को मजबूत करने के लिए 2.50 करोड़ रुपये की योजना को मंजूरी दी है.
इस योजना के तहत अस्पताल में आधुनिक मशीनें और उपकरण लगाए जाएंगे. इसका उद्देश्य मरीजों को बेहतर जांच और इलाज की सुविधा अस्पताल में ही उपलब्ध कराना है. इससे मरीजों को छोटी-छोटी जांच के लिए दूसरे बड़े अस्पतालों में रेफर करने की जरूरत कम होगी.
योजना के तहत छोटे बच्चों और ऐसे मरीजों की सुनने की क्षमता की जांच के लिए BERA/ABR मशीन लगाई जाएगी. कान की बीमारियों की बारीकी से जांच के लिए Surgical Operating Microscope भी खरीदा जाएगा.
इसे भी पढ़ें-
नाक से जुड़ी बीमारियों की जांच और इलाज के लिए Endoscopy और FESS से जुड़े उपकरण लगाए जाएंगे. इसके अलावा ENT Workstation और Impedance Audiometer भी खरीदे जाएंगे.
इन उपकरणों पर कुल 2 करोड़ 50 लाख रुपये खर्च होंगे. ENT Workstation के लिए 40 लाख रुपये, Surgical Operating Microscope के लिए 90 लाख रुपये, FESS Instrument और Endoscopy Set के लिए 70 लाख रुपये, BERA/ABR के लिए 40 लाख रुपये और Impedance Audiometer के लिए 10 लाख रुपये रखे गए हैं.
अस्पताल में एक Integrated ENT OPD और Diagnostic Unit तैयार करने की योजना है. इसके जरिए कान, नाक और गले से जुड़ी जांच और विशेषज्ञ इलाज की सुविधा एक ही जगह उपलब्ध कराने की कोशिश होगी.
योजना के तहत जरूरी Technical Human Resources की व्यवस्था Outsourcing के जरिए की जाएगी. उपकरणों की खरीद और इस्तेमाल की निगरानी सिविल सर्जन, रांची करेंगे. यह भी सुनिश्चित किया जाएगा कि जरूरत नहीं होने पर कोई उपकरण नहीं खरीदा जाए और खरीदे गए उपकरणों का रिकॉर्ड, सुरक्षा और रखरखाव ठीक तरीके से हो.
योजना का खर्च सदर अस्पताल में मुख्यमंत्री अबुआ स्वास्थ्य सुरक्षा योजना और आयुष्मान भारत-मुख्यमंत्री जन आरोग्य योजना के तहत मिलने वाली राशि से किया जाएगा.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

