Search

Advertisement
Advertisement
Advertisement

Saraikela :  राजनगर में हाइवा-ट्रेलर की टक्कर के बाद लगी आग, दोनों चालक जिंदा  जले

सरायकेला-खरसावां जिले की खबरें

Saraikela : सरायकेला-खरसावां जिले के राजनगर-चाईबासा मुख्य मार्ग (एनएच-220) पर बीती रात करीब 12:30 बजे भीषण सड़क हादसा हो गया. यहां रोला-खैरबनी मोड़ के पास हाइवा और ट्रेलर के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर होने के बाद दोनों वाहनों में भीषण आग लग गई. आग इतनी तेजी से फैली कि दोनों चालकों की जान चली गई.

Uploaded Image


Uploaded Image

 

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी भीषण थी कि कुछ ही क्षणों में दोनों वाहन आग के गोले में तब्दील हो गए. ट्रेलर चालक की मौके पर ही जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि दूसरे चालक को गंभीर हालत में बाहर निकालकर चाईबासा सदर अस्पताल पहुंचाया गया. हालांकि, चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे भी मृत घोषित कर दिया.

 

Uploaded Image


हादसे के बाद पीछे से आ रहे दो अन्य ट्रेलरों के चालक अचानक वाहन नियंत्रित नहीं कर सके और आपस में टकराने के बाद अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खेत में पलट गए. इस दुर्घटना में दोनों चालक घायल हो गए, जिनका इलाज चल रहा है. इस तरह कुछ ही मिनटों के भीतर चार भारी वाहन इस हादसे की चपेट में आ गए.

 

Uploaded Image

 

घटना की सूचना मिलते ही राजनगर थाना पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची. आग इतनी भीषण थी कि उस पर काबू पाने में करीब दो घंटे का समय लग गया. तब तक दोनों वाहन पूरी तरह जलकर राख हो चुके थे. सुबह तक भी जले हुए ट्रेलर के पहियों से धुआं निकलता रहा. पुलिस ने दोनों मृत चालकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए चाईबासा सदर अस्पताल भेज दिया है. फिलहाल दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है.

 

Uploaded Image

 

इस दर्दनाक हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने एक बार फिर एनएच-220 को फोरलेन बनाने की मांग तेज कर दी है. लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में भारी वाहनों की आवाजाही होती है, जबकि सड़क संकरी होने के कारण आए दिन गंभीर दुर्घटनाएं होती रहती हैं. 

 

उनका कहना है कि यदि समय रहते इस सड़क का चौड़ीकरण कर फोरलेन बनाया जाता, तो इस तरह के कई बड़े हादसों को रोका जा सकता था. स्थानीय लोगों ने केंद्र और राज्य सरकार से एनएच-220 को जल्द फोरलेन में तब्दील करने, सड़क सुरक्षा के स्थायी इंतजाम करने और दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण के लिए तत्काल ठोस कदम उठाने की मांग की है.

 

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

Comments

Leave a Comment

Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही