Search

 
 
 

झारखंड सहित देश भर में मानसून मेहरबान, 25 राज्यों में भारी से बेहद भारी बारिश का अलर्ट जारी

देश भर में मानसून मेहरबान हो गया है. भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने आज 7 जुलाई को देश के 25 राज्यों में भारी से बेहद भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है. चार राज्यों में बेहद भारी बारिश का रेड अलर्ट है. इन राज्यों में तेज बारिश, गरज-चमक, बिजली गिरने और तेज हवाओं की चेतावनी दी गयी है.
 

NewDelhi :  देश भर में मानसून मेहरबान हो गया है. भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने आज 7 जुलाई को देश के 25 राज्यों में भारी से बेहद भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है. चार राज्यों में बेहद भारी बारिश का रेड अलर्ट है. इन राज्यों में तेज बारिश, गरज-चमक, बिजली गिरने और तेज हवाओं की चेतावनी दी गयी है.आईएमडी ने बिहार, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, पूर्वी राजस्थान समेत अन्य राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना जताई है.

 

आईएमडी ने दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और झारखंड में बिजली चमकने, तेज हवा चलने के साथ बारिश होने की बात कही है. झारखंड की राजधानी रांची में दो दिनों से रुक रुक कर बारिश हो रही है. रांची के अलावा जमशेदपुर, धनबाद, बोकारो, हजारीबाग, गिरिडीह, देवघर और दुमका सहित कई जिलों में भारी बारिश की संभावना है.गुजरात और महाराष्ट्र में कल की तरह आज भी भारी बारिश जारी रहने का अलर्ट है.

 

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार झारखंड सहित उत्तरी छत्तीसगढ़ के ऊपर बना डिप्रेशन अब उत्तर-पश्चिम दिशा में बढ़ रहा है. इस कारण आज देश के कई हिस्सों में मूसलाधार बारिश होने की बात कही जा रही है.उत्तर प्रदेश की बात करें तो  पूर्वी उत्तर प्रदेश में भारी बारिश का अलर्ट है. वाराणसी सहित गोरखपुर, बलिया, देवरिया, कुशीनगर, आजमगढ़, मऊ और प्रयागराज आदि जिलों में तेज बारिश के साथ वज्रपात होने का खतरा मंडरा रहा है.

 

पश्चिमी उत्तर प्रदेश के मेरठ, सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, बरेली, अलीगढ़, आगरा, मथुरा और नोएडा में बिजली की गरज चमक के साथ बारिश हो सकती है . देवभूमि उत्तराखंड में लगातार बारिश से  देहरादून, नैनीताल, चमोली, रुद्रप्रयाग, उत्तरकाशी, टिहरी, पिथौरागढ़ और बागेश्वर हलकान हैं.भारी बारिश के कारण चारधाम यात्रा मार्गों पर भूस्खलन, पत्थर गिरने और सड़कें बाधित होने का खतरा बरकरार है.  नदियों और बरसाती नालों का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है.

 

बिहार में मानसून पूरी तरह सक्रिय होने से राजधानी पटना सहित  भागलपुर, गया, अररिया, सुपौल, मधुबनी, सीतामढ़ी, पूर्णिया, कटिहार,दरभंगा समेत कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई गयी है. मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़  के कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है.पश्चिमी भारत की बात करें तो कोंकण, गोवा, गुजरात और मध्य महाराष्ट्र में आज भी  बारिश जारी रहने की संभावना है.

 

मुंबई, ठाणे, पालघर, रायगढ़, रत्नागिरी, सिंधुदुर्ग और पुणे के घाट क्षेत्र भारी से अत्यधिक भारी बारिश से अछूते नहीं रहेंगे.पूर्वोत्तर के असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा और दक्षिण भारत के केरल, तटीय कर्नाटक, आंतरिक कर्नाटक, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश में भी अच्छी बारिश होने की संभावना है. आईएमडी ने अरब सागर और बंगाल की खाड़ी में समुद्र की स्थिति बेहद खतरनाक रहने की बात कहते हुए  मछुआरों को समुद्र में नहीं जाने की सलाह दी  है.

 

 Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें  
 

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही