Saraikela News: झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन मंगलवार को अपनी पत्नी कल्पना सोरेन के साथ सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल स्थित अपने ननिहाल पहुंचे. यहां उन्होंने धातकीडीह (कांगलाटांड़) स्थित अपने मामा घर में पारिवारिक परंपरा का निर्वहण किया. इस दौरान परिवार के सदस्यों ने झारखंडी रीति-रिवाजों के साथ मुख्यमंत्री और कल्पना सोरेन का स्वागत किया. वहीं, जिला प्रशासन की ओर से मुख्यमंत्री को गार्ड ऑफ ऑनर भी दिया गया.
इसे भी पढ़ें:
दरअसल, झारखंडी समाज में माता-पिता के निधन के बाद अंतिम संस्कार, श्राद्धकर्म और अस्थि विसर्जन जैसी धार्मिक परंपराएं पूरी करने के बाद मामा घर जाकर एक विशेष रस्म निभाने की परंपरा प्रचलित है. इस रस्म के दौरान मामा घर में अतिथियों के पैर धोकर उनका स्वागत किया जाता है और पारंपरिक तरीके से भोजन कराया जाता है. स्थानीय भाषा और परंपरा में इसे छुतका दूर करने की रस्म के रूप में भी जाना जाता है.
गौरतलब है कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की माता रूपी सोरेन का हाल ही में निधन हो गया था. उनके निधन के बाद परिवार की ओर से अंतिम संस्कार, श्राद्धकर्म और अस्थि विसर्जन की सभी परंपराएं पूरी की गईं. इसी पारिवारिक परंपरा को आगे बढ़ाते हुए मुख्यमंत्री मंगलवार को अपनी पत्नी कल्पना सोरेन के साथ चांडिल के धातकीडीह स्थित मामा घर पहुंचे और विधि-विधान के साथ रस्म अदायगी की.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

