Search

 
 
 

Saraikela News  : DC ने जागरूकता रथ रवाना कर दिलाई नशामुक्ति की शपथ

जिले में नशे के खिलाफ जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से सोमवार को जिला प्रशासन की ओर से विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया.
 

Saraikela : जिले में नशे के खिलाफ जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से सोमवार को जिला प्रशासन की ओर से विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया. समाहरणालय परिसर से उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने नशामुक्ति जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया.

 

इस दौरान अधिकारियों, कर्मचारियों, आंगनबाड़ी सेविकाओं और सहियाओं ने नशामुक्ति की शपथ ली और हस्ताक्षर अभियान में भाग लेकर समाज को नशे से मुक्त बनाने का संकल्प लिया.कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त रीना हांसदा, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी सत्या ठाकुर समेत कई प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे. सभी ने लोगों से नशीले पदार्थों से दूर रहने और अपने आसपास के लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करने की अपील की.

 

उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने कहा कि मादक पदार्थों का बढ़ता उपयोग समाज और खासकर युवाओं के भविष्य के लिए गंभीर चुनौती बनता जा रहा है. उन्होंने कहा कि सिर्फ सरकारी प्रयासों से नशामुक्त समाज नहीं बनाया जा सकता, इसके लिए हर नागरिक की भागीदारी जरूरी है. उन्होंने युवाओं से सकारात्मक जीवनशैली अपनाने और दूसरों को भी नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया.

 

उप विकास आयुक्त रीना हांसदा ने कहा कि नशे का असर केवल एक व्यक्ति तक सीमित नहीं रहता, बल्कि पूरा परिवार और समाज इससे प्रभावित होता है. उन्होंने आंगनबाड़ी सेविकाओं, सहियाओं और अन्य कर्मियों से अपने-अपने क्षेत्रों में लोगों को नशे के दुष्परिणामों के बारे में जागरूक करने और इस अभियान को जन आंदोलन बनाने की अपील की.

 

जिला समाज कल्याण पदाधिकारी सत्या ठाकुर ने बताया कि जागरूकता रथ जिले के सभी प्रखंडों, ग्रामीण क्षेत्रों और स्कूलों-शैक्षणिक संस्थानों तक पहुंचेगा. रथ के माध्यम से लोगों को मादक पदार्थों के दुष्प्रभाव, स्वास्थ्य पर पड़ने वाले नुकसान और नशामुक्त जीवन के महत्व की जानकारी दी जाएगी. अभियान के तहत विशेष रूप से युवाओं को नशे से दूर रहकर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया जाएगा.

 

कार्यक्रम में जेएसएलपीएस के जिला कार्यक्रम प्रबंधक, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, आंगनबाड़ी सेविकाएं, सहियाएं और अन्य सामाजिक कार्यकर्ता बड़ी संख्या में शामिल हुए. सभी ने मिलकर नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए सामूहिक रूप से काम करने का संकल्प लिया.

 

 

 


Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

 

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही